Rajasthan Weather Update: राजस्थान में सर्दी की विदाई के साथ ही अब सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं. मार्च की शुरुआत में ही प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, 4 मार्च को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा.
ADVERTISEMENT
4 मार्च को कैसा रहेगा तापमान का गणित?
राजस्थान मौसम केंद्र के मुताबिक 4 मार्च को राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
- भीषण गर्मी की शुरुआत: फतेहपुर और बाड़मेर जैसे इलाकों में पारा पहले ही 35-37 डिग्री के करीब पहुंच चुका है. 4 मार्च को बाड़मेर में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
- प्रमुख शहरों का हाल: राजधानी जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा. यहाँ दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे दोपहर के वक्त लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है.
बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में कोई नया 'पश्चिमी विक्षोभ' सक्रिय नहीं है. इस वजह से आने वाले एक सप्ताह तक बारिश की कोई गुंजाइश नहीं है. आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण रात की ठंडक भी लगभग गायब हो चुकी है. शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, चूरू, झुंझुनू) में भी अब दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी हैं.
सावधानी बरतने की सलाह
तापमान में अचानक हुई इस बढ़ोतरी और "पलटी मारते मौसम" का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ सकता है. दोपहर के वक्त कड़कड़ाती धूप और बढ़ती हीट वेव जैसी स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ज्यादा पानी पीने और तेज धूप से बचने की सलाह दी है
ADVERTISEMENT

