Rajasthan Weather Update: राजस्थान के लोगों को गर्मी से मिली मामूली राहत अब खत्म होने वाली है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 मई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी . पिछले 24 घंटों में कुछ इलाकों में हुई हल्की बारिश और धूलभरी आंधी के कारण पारे में जो गिरावट आई थी, वह अब थम जाएगी और पश्चिमी राजस्थान में 'तीव्र हीटवेव' (Heatwave) का नया दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है .
ADVERTISEMENT
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे?
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 16 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा . हालांकि, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की वर्षा की छिटपुट गतिविधियाँ जारी रह सकती हैं. इसके विपरीत, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में सूरज के तेवर तीखे होंगे. बीकानेर और जोधपुर संभाग में तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने के आसार हैं.
तापमान का लेखा-जोखा: फलौदी रहा सबसे गर्म
प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का आलम यह है कि फलौदी 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान बना हुआ है. अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो बाड़मेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया है. वहीं, श्रीगंगानगर में पारा 44.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 44.0 डिग्री और बीकानेर में 44.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है . राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
लू की चेतावनी और बचाव के उपाय
मौसम विभाग ने 16 मई से झालावाड़ और कोटा जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी हीटवेव चलने की संभावना जताई है, जहाँ पारा 44 से 45 डिग्री के आसपास रह सकता है . भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है .
ADVERTISEMENT


