राजस्थान में भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम केंद्र जयपुर (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. बाड़मेर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में लू' (Heat Wave) दर्ज की गई है. कई जिलों में रात में गर्मी से निजात नहीं मिली है. पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम ताापमान फतेहपुर (सीकर) में सबसे कम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. यानी बाकी हिस्सों में रात का भी तापमान 22.5 डिग्री से ज्यादा रहा, जिससे लोग परेशान रहे.
भीषण गर्मी के बीच हुई बूंदाबांदी
भीषण गर्मी के बीच कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिसमें फलौदी में सर्वाधिक 4.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दो दिनों तक तापमान में आंशिक बढ़ोतरी जारी रहेगी. पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
पश्चिमी विक्षोभ का असर भी
मौसम विभाग के मुताबिक एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलेगा. 28 और 29 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान, शेखावाटी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में दोपहर के बाद धूल भरी आंधी चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं. 30 अप्रैल और 1 मई को जयपुर और भरतपुर संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र में धूल भरी आंधी और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT


