राजस्थान में मानसून अब लगातार असर दिखाने लगा है. शुक्रवार (3 जुलाई) को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले 5 से 7 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी. कई इलाकों में भारी से लेकर अतिभारी बारिश भी हो सकती है. इसके साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं.
सांभर में बरसे सबसे ज्यादा बदरा
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश जयपुर जिले के सांभर में रिकॉर्ड की गई, जहां 84 मिलीमीटर (8 सेंटीमीटर) पानी गिरा. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा, अजमेर के केकड़ी, जयपुर के फागी और झुंझुनू के भुहाना में भी 7-7 सेंटीमीटर भारी बारिश दर्ज की गई है.
प्रदेश के अन्य प्रमुख इलाकों जैसे भीलवाड़ा के कोटड़ी, प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी और राजसमंद के रेलमगरा में 6-6 सेंटीमीटर बारिश हुई. सांगानेर, कपासन, अलवर के बहरोड़ और अजमेर शहर में भी 5-5 सेंटीमीटर तक पानी बरसने से सड़कें जलमग्न हो गईं. पश्चिमी राजस्थान के नोखा (बीकानेर) और डेगाना (नागौर) में भी 2-2 सेंटीमीटर हल्की बारिश दर्ज की गई है.
तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभागों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोकेदार हवाएं चलने का अनुमान है. इसके साथ ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने (वज्रपात) की प्रबल आशंका है. विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें.
अगले 5-7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में मानसून की यह रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है. जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में आगामी 5 से 7 दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस दौरान अधिकांश जिलों में लगातार बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों में केवल कुछ ही स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की उम्मीद जताई गई है.
ADVERTISEMENT


