राजस्थान में फिर बिगड़ेगा मौसम! 25 जुलाई को इन 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

न्यूज तक डेस्क

• 05:19 PM • 24 Jul 2026

राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून फिर से मजबूत हो गया है. 25 जुलाई को सिरोही और जालोर में अति भारी, जबकि उदयपुर, बाड़मेर और पाली में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जयपुर, अजमेर और कोटा समेत कई जिलों में तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है.

Rajasthan weather update
Rajasthan weather update
Google CTA

राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. खासकर दक्षिणी और पश्चिमी राजस्थान में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है. कुछ जिलों में अति भारी बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने का भी खतरा है.

Read more!

कम दबाव के क्षेत्र से बदला मौसम

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे मध्य प्रदेश के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र मजबूत हो गया है. यह अब कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है.

वहीं मानसून की ट्रफ लाइन जैसलमेर और कम दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है. इसके असर से अगले 2 से 3 दिन राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है.

सिरोही-जालोर में अति भारी बारिश की चेतावनी

25 जुलाई को सिरोही और जालोर में सबसे ज्यादा बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग ने दोनों जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

इस दौरान बादलों की तेज गर्जना और बिजली चमक सकती है. करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है.

उदयपुर-बाड़मेर समेत इन जिलों में भारी बारिश

पाली, उदयपुर, बाड़मेर, बालोतरा और जैसलमेर में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. यहां बारिश के दौरान तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है.

जयपुर, अजमेर और कोटा में भी बरसेंगे बादल

जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, अलवर, भरतपुर, सीकर और झुंझुनूं में भी मौसम बदला रहेगा.

इन जिलों में बादल छाए रहने के साथ कई जगह मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है.

पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश के आसार

बीकानेर, जोधपुर, नागौर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी और डीडवाना-कुचामन में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई. बाड़मेर के पचपदरा और राजसमंद के आमेट में सबसे ज्यादा 90 मिमी यानी 9 सेंटीमीटर बारिश हुई.

उदयपुर के सलूंबर और झाड़ोल तथा चित्तौड़गढ़ के बड़ेसर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. चित्तौड़गढ़ के राशमी और उदयपुर के कोटड़ा व गंगरार क्षेत्र में 6-6 सेंटीमीटर पानी बरसा.