राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त को भी राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
ADVERTISEMENT
पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय रहेगा. 8 से 10 अगस्त के बीच भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान पूर्वी राजस्थान के एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश भी हो सकती है.
पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी बारिश
अब पश्चिमी राजस्थान में भी मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 10 अगस्त के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.
8 अगस्त को किन संभागों में होगी बारिश?
8 अगस्त के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है. वहीं बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कहीं-कहीं बारिश दर्ज हो सकती है.
इन जिलों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
8 अगस्त के लिए जारी चेतावनी के अनुसार अलवर, भरतपुर, धौलपुर, डीग, करौली, सवाई माधोपुर और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. जयपुर, दौसा, टोंक, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में भी बारिश के साथ मेघगर्जन और तेज हवा चल सकती है.
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 158 मिमी बारिश डीग जिले के पहाड़ी क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा शाहपुरा (जयपुर) में 90 मिमी, नीमकाथाना (सीकर) में 80 मिमी, नगर (भरतपुर) में 80 मिमी, कठूमर (अलवर) और सरमथुरा (धौलपुर) में 70-70 मिमी बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी राजस्थान में बारिश का असर सीमित रहा.
ADVERTISEMENT


