Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च के महीने में 'प्री-मानसून' जैसी बारिश और धूलभरी आंधी ने आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक्टिव होने के कारण 24 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
ADVERTISEMENT
24 मार्च को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के आसमान में घने बादलों की आवाजाही बनी हुई है. 24 मार्च को इसका सबसे ज्यादा असर उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के जिलों में देखने को मिल सकता है. इन जिलों में बारिश का अलर्ट: बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और शेखावाटी क्षेत्र (सीकर-झुंझुनू) में गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे की खंड वर्षा होने के आसार हैं.
- आंधी और तूफान: जयपुर संभाग और भरतपुर संभाग के जिलों (दौसा, अलवर, खैरथल, तिजारा, डीग) में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और धूलभरी आंधी आने की संभावना है.
- दक्षिणी राजस्थान की स्थिति: जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे सीमावर्ती इलाकों में भी बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
किसानों पर 'कुदरत की मार'
यह मौसम फसलों के लिए किसी आफत से कम नहीं है। खेतों में गेहूं, सरसों और चने की फसल पककर तैयार है, कई जगहों पर कटाई का काम चल रहा है. ऐसे में अचानक बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के खराब होने का बड़ा डर है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें और खुले खेतों में अनाज न छोड़ें.
तापमान में भारी गिरावट
लगातार एक्टिल हो रहे सिस्टम की वजह से राजस्थान में फिलहाल 'लू' या भीषण गर्मी की स्थिति नहीं है. दिन के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा रही है, जिससे सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग का मानना है कि मार्च के आखिरी हफ्ते तक इसी तरह की लुका-छिपी जारी रह सकती है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान यूथ कांग्रेस में छिड़ी जंग! अनिल चोपड़ा ने फूंका चुनावी शंखनाद, क्या पायलट और गहलोत गुट में होगा मुकाबला?
ADVERTISEMENT


