Rajasthan Weather Update: राजस्थान में नौतपा के बीच राहत की खबर, इस दिन से आंधी-बारिश पलटेगी मौसम का मिजाज

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और गंभीर लू के दौर से अब राहत मिलने वाली है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 29 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जयपुर, कोटा और बीकानेर समेत कई संभागों में 60-70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है.

Rajasthan Weather Update
Rajasthan Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और खतरनाक लू के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 29 मई से राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं और हल्की बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इसके असर से तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.

Read more!

29 मई से बदलेगा राजस्थान का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में साफ दिखाई देगा. जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में तेज अंधड़ चल सकता है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे लंबे समय से जारी हीटवेव से लोगों को राहत मिलेगी.

हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन दोपहर और शाम के बाद मौसम में बदलाव महसूस होगा.

श्रीगंगानगर बना सबसे गर्म जिला

बीते 24 घंटों में राजस्थान का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

इसके अलावा पिलानी में 47 डिग्री, बीकानेर में 46.6 डिग्री, जैसलमेर और चूरू में 46.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. फलोदी में पारा 46.2 डिग्री और कोटा में 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

टोंक के वनस्थली में 45.2 डिग्री, फतेहपुर और बाड़मेर में 45 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर बना रहा और अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

उदयपुर, अजमेर, सीकर, नागौर और पाली समेत कई जिलों में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर बना रहा. वहीं माउंट आबू राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

रात में भी लोगों को नहीं मिल रही राहत

राजस्थान में दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने कई इलाकों में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति दर्ज की है. संगरिया में रात का न्यूनतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है.

कोटा में रात का तापमान 33 डिग्री, जयपुर और बीकानेर में 32.8 डिग्री तथा अलवर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है.

जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है बदलाव

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 मई से शुरू होने वाला आंधी और बारिश का दौर जून के पहले सप्ताह तक जारी रह सकता है. 30 मई के बाद इन गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.

मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के अंतिम दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो सकता है. तेज गर्मी और लू से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिलने के आसार हैं.

    follow google news