Rajasthan Weather: राजस्थान में उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, 19 जुलाई से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी. पूर्वी राजस्थान के कोटा, जयपुर और भरतपुर संभागों में मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ ही झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में इसका असर पश्चिमी राजस्थान में भी दिखेगा.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान का मौसम अमूमन शुष्क और साफ रहा. हालांकि, पूर्वी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश दौसा जिले के बसवा में 32 मिलीमीटर (3 सेंटीमीटर) रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा करौली में 3 सेंटीमीटर और कोटा एयरपोर्ट पर 2 सेंटीमीटर पानी बरसा. फिलहाल राज्य के ज्यादातर जिलों में बादलों की आवाजाही के चलते तापमान काबू में है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है.
19 जुलाई को आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम?
इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट': पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा और सवाई माधोपुर जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. यहाँ आकाशीय बिजली चमकने, बादल गरजने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
यहां कोई चेतावनी नहीं: पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर जिलों के लिए कोई अलर्ट नहीं है. यहाँ का मौसम सामान्य रहेगा या मामूली बूंदाबांदी हो सकती है.
पश्चिमी राजस्थान का हाल: पश्चिमी हिस्से के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्री गंगानगर जिलों में फिलहाल मौसम साफ रहेगा. इन जिलों के लिए 19 जुलाई को कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
20 जुलाई से भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 जुलाई से शुरू हो रहा यह बदलाव आगे और बढ़ेगा. विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 और 21 जुलाई को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 21 और 22 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान के इलाकों में भी मानसून पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा, जिससे राज्य के बड़े हिस्से में अच्छी बारिश होने के आसार हैं.
ADVERTISEMENT


