राजस्थान में मानसून की दस्तक! जयपुर-बीकानेर समेत 30 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियों से गर्मी का असर खत्म हो गया है. मौसम विभाग ने 27 जून को जयपुर, बीकानेर, अजमेर समेत कई संभागों में आंधी-बिजली के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. झालावाड़ के अकलेरा में सबसे ज्यादा 51 मिमी बारिश हुई, जबकि फलौदी में सर्वाधिक 41.4 डिग्री तापमान रहा.

rajasthan weather
rajasthan weather

न्यूज तक

follow google news

राजस्थान के लोगों को भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के थपेड़ों से पूरी तरह निजात मिल गई है. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्री-मानसून और मानसूनी सिस्टम पूरी तरह एक्टिव हो चुका है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में लू दर्ज नहीं की गई है.

Read more!

मौसम विभाग ने 27 जून को राजधानी जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर तेज बारिश की संभावना जताई है. राहत की बात यह है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं और अगले 3 से 4 दिनों में यह राज्य के कई और हिस्सों को कवर कर लेगा.

झालावाड़ के अकलेरा में सबसे ज्यादा 51 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा 51 मिलीमीटर (5 सेंटीमीटर) बारिश झालावाड़ जिले के अकलेरा में हुई है. इसके अलावा जयपुर तहसील में 5 सेंटीमीटर, सांगानेर में 4 सेंटीमीटर और नागौर के डेगाना में 3 सेंटीमीटर पानी बरसा है. वहीं, भीलवाड़ा के सहाड़ा और अलवर के मालाखेड़ा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. जयपुर एयरपोर्ट पर भी करीब 16.4 मिलीमीटर पानी गिरा है, जबकि बीकानेर के छतरगढ़ और नागौर के खींवसर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

27 जून को इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी

मौसम विभाग ने 27 जून के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

पूर्वी राजस्थान: जयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और उदयपुर में 27 जून को आकाशीय बिजली चमकने, मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान इन जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. हालांकि, सिरोही और सलूम्बर में कोई विशेष चेतावनी नहीं है.

पश्चिमी राजस्थान: बीकानेर संभाग के चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिलों में भी धूलभरी आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, जालौर और फलौदी में मौसम के सामान्य रहने की उम्मीद है.

जानिए, आपके शहर में कितना रहा तापमान

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान के अलग-अलग शहरों में तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. फलौदी 41.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज हुआ. श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री और न्यूनतम 30.6 डिग्री रहा. वहीं जैसलमेर में दिन का पारा 40.8 डिग्री और बाड़मेर में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

चूरू में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री, पिलानी में 39.4 डिग्री, बीकानेर में 39.3 डिग्री और जोधपुर शहर में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. करौली में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री, जबकि दौसा और जवाई डैम (पाली) में यह 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा. पाली में दिन का तापमान 38.7 डिग्री और फतेहपुर में 38.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया. संगरिया में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री दर्ज हुआ.

राजधानी जयपुर और अलवर दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा. जयपुर में रात का पारा 26.6 डिग्री और अलवर में 25.8 डिग्री दर्ज किया गया. कोटा और वनस्थली में दिन का तापमान 37.6 डिग्री रहा. जालोर में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री मापा गया. इसके अलावा सीकर, उदयपुर (डबोक) और नागौर में अधिकतम तापमान एक बराबर यानी 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. झुंझुनूं में पारा 37.1 डिग्री रहा.

क्यों बदल रहा है मौसम? जानिए वजह

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय उत्तर भारत में एक साथ कई वेदर सिस्टम एक्टिव हैं. हरियाणा और उसके आसपास के इलाके के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है. इसके साथ ही, उत्तरी पंजाब और पाकिस्तान की सीमा पर हवा का एक दूसरा चक्रवाती सिस्टम एक्टिव है. मानसून की ट्रफ लाइन भी इस समय राजस्थान से होकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा तक जा रही है. इन मजबूत प्रणालियों के कारण जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में अगले 2 से 3 दिनों तक तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है.

    follow google news