राजस्थान में मौसम का यू-टर्न! सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, 30 मई को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 30 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है. इससे तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट आएगी और लोगों को हीटवेव से राहत मिलेगी.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में पिछले कई दिनों से जारी सूरज के तीखे तेवरों और भीषण हीटवेव के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है. मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर दी है. पाकिस्तान और उसके आस-पास के इलाकों पर बने एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और वहां से अरब सागर तक आ रही ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है.

Read more!

इस मौसमी बदलाव के चलते 30 मई को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज अंधड़, मेघगर्जन और ओलावृष्टि के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.  

30 मई को कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम? 

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, इस नए पश्चिमी विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव 30 और 31 मई को देखने को मिलेगा. विभाग ने 30 मई के लिए प्रदेश में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी या अंधड़ चलने की आशंका है. इसके साथ ही आसमान में घने बादल छाए रहेंगे, कई जगहों पर तेज वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने, ओले गिरने और मध्यम से लेकर कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है. 

हीटवेव से मिलेगी मुक्ति

लगातार तप रहे राजस्थान के वासियों के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि इस आंधी-बारिश की गतिविधियों के कारण आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी.

मौसम केंद्र का अनुमान है कि 30 मई से राज्य में चल रही झुलसाने वाली लू (हीटवेव) का दौर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और लोगों को इस जानलेवा गर्मी से सीधे तौर पर राहत मिल जाएगी. मौसम का यह मिजाज जून के पहले सप्ताह में भी कुछ स्थानों पर आंधी-बारिश के रूप में जारी रह सकता है.  

किस जिले में कितना दर्ज हुआ तापमान?

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी राजस्थान का श्रीगंगानगर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और वहां अति उष्ण लहर (Severe Heat Wave) दर्ज की गई. इसके अलावा पिलानी, चूरू, कोटा और वनस्थली जैसे शहरों में भी पारा 46 डिग्री के पार रहा.  

पिछले 24 घंटों में इन इलाकों में हो चुकी है शुरुआत

मौसम विभाग ने बताया कि विक्षोभ के शुरुआती असर से पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई है. पूर्वी राजस्थान में मुख्य रूप से भरतपुर तहसील में 3 सेंटीमीटर, रामगढ़ में 2 सेंटीमीटर, बाड़ी में 2 सेंटीमीटर, नगर में 2 सेंटीमीटर, गोविंदगढ़ में 2 सेंटीमीटर, कुम्हेर में 2 सेंटीमीटर और पहाड़ी में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. वहीं पश्चिमी राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के तिबी क्षेत्र में भी 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

    follow google news