Rajasthan Weather Update: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं 'हीटवेव' का सितम, 5 दिनों तक संभलकर रहने की सलाह

राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है, जहां फलोदी में पारा 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान में अगले 5 दिनों तक भीषण लू (Heatwave) का अलर्ट जारी किया है.

NewsTak
तस्वीर: ITG

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में गर्मी के तेवर अब तीखे होने लगे हैं. मौसम केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सबसे गर्म इलाका फलोदी रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है. हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे कहीं-कहीं आंशिक राहत मिली है.

Read more!

बाड़मेर और जैसलमेर में भी तपिश

प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान अब 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है. फलोदी (44.8°C) के बाद बाड़मेर में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में पारा 43.4 डिग्री, जोधपुर शहर में 42.9 डिग्री, कोटा और बीकानेर में 42.0 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है  पिलानी में तापमान 37.5 डिग्री और चूरू में 40.0 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान पाली के जवाई बांध और सिरोही क्षेत्र में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने वाली है. राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है. विशेषकर पश्चिमी राजस्थान के जिलों में आगामी 5-6 दिनों तक 'हीटवेव' (ऊष्ण लहर) और 'ऊष्ण रात्रि' (गर्म रातें) दर्ज होने की प्रबल आशंका जताई गई है. बाड़मेर और जैसलमेर जैसे इलाकों में 9 से 13 मई तक हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है 

बारिश और आंधी की संभावना

जहां एक ओर गर्मी बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ संभागों में मौसम में बदलाव भी देखने को मिलेगा. आज कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11-12 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है.

    follow google news