Rajasthan Weather: अगले 3 दिन संभलकर रहें! 60 किमी की रफ्तार से आएगी आंधी, इन जिलों में बारिश की चेतावनी

राजस्थान में मौसम का दोहरा मिजाज जारी है. जयपुर और अजमेर समेत पूर्वी हिस्सों में अगले तीन दिन आंधी और बारिश से राहत रहेगी, जबकि पश्चिमी इलाकों में गर्मी बरकरार है. 8 जून के बाद मौसम साफ होते ही तापमान में बढ़ोतरी होगी और सीमावर्ती जिलों में 46 डिग्री तक पारा पहुंचने के साथ लू चलने की आशंका है.

NewsTak

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Rajasthan Weather: राजस्थान के मौसम में इन दिनों बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दो तरह का मौसम एक साथ बना हुआ है. पूर्वी राजस्थान में जहां आंधी और बादलों की गरज के साथ बारिश की फुहारें पड़ रही हैं, वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में सूरज के तीखे तेवर बरकरार हैं.

Read more!

मौसम केंद्र जयपुर ने जानकारी दी है कि 6 जून को भी प्रदेश के एक बड़े हिस्से में मौसम का यह बदला हुआ रूप नजर आएगा. जयपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों में कुछ जगहों पर बारिश की पूरी संभावना है, जबकि बीकानेर संभाग में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.

अगले 3 दिन कैसा रहेगा हाल?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान के ऊपर इस समय एक परिसंचरण तंत्र (Circulation System) एक्टिव है. इसी के असर से अगले दो से तीन दिनों तक राज्य में तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं. हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबी नहीं चलेगी. 8 जून से मौसम साफ होने लगेगा और बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी. इसके बाद सूरज की तपिश फिर बढ़ेगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है.

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?

बीते 24 घंटों में भी राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसने लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत दी. आंकड़ों के मुताबिक, भीलवाड़ा के शाहपुरा और बीकानेर के डूंगरगढ़ में सबसे ज्यादा 7-7 सेंटीमीटर पानी बरसा. इसके अलावा अजमेर तहसील में 5 सेंटीमीटर और अजमेर शहर में 4 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई.

श्रीगंगानगर सबसे गर्म, माउंट आबू में ठंडक

गर्मी की बात करें तो श्रीगंगानगर में पारा सबसे ऊपर पहुंच गया है, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके उलट, हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे वहां मौसम काफी सुहावना बना हुआ है.

मौसम विभाग के मुताबिक, बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं जोधपुर, चूरू, नागौर, फलोदी और हनुमानगढ़ में यह 41 से 43 डिग्री के आसपास रहेगा. जयपुर, अलवर, सीकर, कोटा और बूंदी सहित पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर जिलों में पारा 38 से 41 डिग्री के बीच बना हुआ है. उदयपुर और डूंगरपुर जैसे दक्षिणी जिलों में तापमान इससे भी कम है.

60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने 6 जून को लेकर राज्य के कई जिलों में भारी अलर्ट जारी किया है. जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, कोटा, भीलवाड़ा और दौसा समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है. इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है. मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे खुले आसमान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों.

8 जून से फिर लौटेगी हीटवेव

फिलहाल राहत की बात यह है कि पूरे राजस्थान में अभी कहीं भी हीटवेव यानी लू की चेतावनी नहीं है. लेकिन यह शांति सिर्फ 8 जून तक है. मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 11 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. बीकानेर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ के इलाकों में पारा 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे वहां एक बार फिर झुलसाने वाली लू (उष्ण लहर) चलने की आशंका है.

    follow google news