राजस्थान के लोगों के लिए खुशखबरी! अगले 3 दिन झमाझम बारिश और 70km की रफ्तार से चलेगी आंधी, मौसम विभाग की चेतावनी

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 18 जून से अगले तीन दिनों तक जयपुर, बीकानेर और जोधपुर समेत कई संभागों में तेज आंधी और बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत बनी रहने वाली है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 जून को राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अनेक जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.

Read more!

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है.

18 जून को कैसा रहेगा मौसम

18 जून को जयपुर, अलवर, दौसा, सीकर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, ब्यावर और कोटा समेत कई जिलों में मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं बारां, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद और सलूम्बर जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश की संभावना है.

पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा जैसलमेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन और बीकानेर संभाग के अन्य इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.

किस शहर में कितना तापमान

तापमान की बात करें तो 17 जून को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान फलोदी में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जैसलमेर में 40.5 डिग्री, बाड़मेर में 40.1 डिग्री और कोटा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. जयपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री, अजमेर का 37.6 डिग्री, अलवर का 38.2 डिग्री, जोधपुर का 39 डिग्री, बीकानेर का 39.1 डिग्री और उदयपुर (डबोक) का 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जून को अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी रेगिस्तानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है.

पिछले 24 घंटों में झुंझुनूं जिले के मलसीसर में सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा भीलवाड़ा, बारां, अजमेर, झुंझुनूं, सिरोही, अलवर और कोटा समेत कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है.

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राज्य में कहीं भी हीटवेव की स्थिति नहीं है. बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी. हालांकि मेघगर्जन और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

    follow google news