Rajasthan Weather: नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, राजस्थान के इन 15 से ज्यादा जिलों में मेघगर्जन और बारिश के आसार

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच 12 से 15 जून तक मौसम बदलने वाला है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जयपुर, अजमेर और बीकानेर समेत कई जिलों में 60-70 किमी की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश की संभावना है. इससे तापमान गिरेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

Rajasthan Weather
Rajasthan Weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण राज्य में मौसम में बदलाव के संकेत हैं. इससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

Read more!

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 15 जून के बीच जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में तेज मेघगर्जन के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है.

12 जून को जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. वहीं बीकानेर संभाग में भी हल्की बारिश के आसार हैं. अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, कोटा, टोंक और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है.

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हीटवेव और गर्म रात की स्थिति दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चूरू में 44.7 डिग्री, पिलानी में 43.9 डिग्री, फलोदी में 43.8 डिग्री, जैसलमेर में 43.0 डिग्री, बीकानेर में 42.4 डिग्री, बाड़मेर में 42.3 डिग्री, अलवर में 42.2 डिग्री और जयपुर में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

इसके अलावा कोटा में 41.4 डिग्री, दौसा में 41.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ और फतेहपुर में 41.2 डिग्री, झुंझुनूं में 41.1 डिग्री, जोधपुर में 40.8 डिग्री, करौली और वनस्थली में 40.6 डिग्री, पाली में 40.2 डिग्री, सीकर में 40.0 डिग्री तथा अजमेर में 39.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं अपेक्षाकृत ठंडे क्षेत्रों में प्रतापगढ़ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री, सिरोही का 37.3 डिग्री, डूंगरपुर का 37.9 डिग्री और माउंट आबू का 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि तेज हवाओं और मेघगर्जन को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
 

    follow google news