Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है. पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई. पूर्वी राजस्थान के सीकर जिले में ओलावृष्टि भी हुई. सबसे अधिक 50 मिलीमीटर वर्षा दांतारामगढ़ (सीकर) में रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा भरतपुर, धौलपुर, अलवर, झुंझुनूं और बारां सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई. पश्चिमी राजस्थान में भी चूरू, बीकानेर और श्रीगंगानगर के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई.
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान में मौसम अस्थिर बना हुआ है. इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में तेज मेघगर्जन, बिजली चमकने और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है.
किन जिलों में कितना तापमान
राज्य के प्रमुख शहरों और जिलों के अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फलोदी में 43.8 डिग्री, बाड़मेर में 42.7 डिग्री, बीकानेर में 42.4 डिग्री, चूरू में 42.3 डिग्री, लूणकरणसर में 41.7 डिग्री, जोधपुर शहर में 40.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 40.6 डिग्री, सीकर में 40.5 डिग्री, पाली में 40.4 डिग्री और कोटा में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
जयपुर में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 39.9 डिग्री, अलवर में 32.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 37.7 डिग्री, झुंझुनूं में 38.6 डिग्री, दौसा में 37.9 डिग्री और उदयपुर क्षेत्र के डबोक में 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
कई जिलों में मेघगर्जन का अलर्ट
मौसम विभाग ने जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, सीकर, झुंझुनूं, टोंक, करौली, सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और जोधपुर सहित कई जिलों के लिए मेघगर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 17 जून तक राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


