राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, अगले 5 दिन इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है. पिछले 24 घंटों में धौलपुर और पाली समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को जयपुर, बीकानेर और जोधपुर समेत कई संभागों में आंधी-बारिश की संभावना है.

Rajasthan weather
Rajasthan weather

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान की जनता को झुलसाने वाली गर्मी और भीषण लू (Heatwave) से आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है. राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो चुका है, जिसके असर से आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया है. चिलचिलाती धूप की जगह अब ठंडी हवाओं और आंधी-बारिश की गतिविधियों ने ले ली है. जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, इस नए मौसमी सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जाएगी, जिससे लोगों को फिलहाल लू के थपेड़ों से पूरी तरह निजात मिलने की उम्मीद है.

Read more!

31 मई को इन संभागों में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग की मानें तो मई महीने के आखिरी दिन यानी 31 मई को भी पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. दूसरी तरफ, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. इस दौरान मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है.

जानिए आपके शहर में कितना रहा तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मानसूनी गतिविधियों के बाद राज्य के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है.

हमेशा की तरह जैसलमेर राज्य में सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा सामान्य से 3 डिग्री ऊपर जाकर 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद फलोदी में 44.8 डिग्री, बीकानेर में 44.0 डिग्री, बाड़मेर और श्रीगंगानगर में 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं चूरू में 42.7 डिग्री, वनस्थली में 42.6 डिग्री, कोटा में 42.2 डिग्री (सामान्य से 1.2 डिग्री कम) और सीकर में पारा 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

राहत की बात यह रही कि राजधानी जयपुर और फतेहपुर में अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो जयपुर के सामान्य औसत से 0.8 डिग्री कम है. इसके अलावा जवाई डैम में 41.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ व दौसा में 40.8 डिग्री, जोधपुर शहर में 40.5 डिग्री और भीलवाड़ा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया.

कुछ जिलों में पारा 40 डिग्री से काफी नीचे आ चुका है. पिलानी और झुंझुनूं में तापमान 39.6 डिग्री, पाली में 39.3 डिग्री, जबकि अजमेर, नागौर और संगरिया में यह 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अजमेर में तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे पहुंच गया है. जालोर में 38.2 डिग्री, उदयपुर के डबोक में 38.0 डिग्री, करौली में 37.1 डिग्री, डूंगरपुर में 36.6 डिग्री और प्रतापगढ़ में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. अलवर में सबसे सुहावना मौसम रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सिरोही में न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से रातें काफी ठंडी और आरामदायक हो गई हैं, यहां का अधिकतम तापमान भी 34.5 डिग्री सेल्सियस ही रहा.

धौलपुर और पाली में हुई जोरदार बारिश

मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर राजस्थान के कई इलाकों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई है. पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के बाड़ी इलाके में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा झुंझुनूं के मलसीसर में 5 सेंटीमीटर, धौलपुर के बसेड़ी में 4 सेंटीमीटर और धौलपुर तहसील में 3 सेंटीमीटर पानी बरसा. पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो पाली के मारवाड़ जंक्शन में 3 सेंटीमीटर और रोहट में 2 सेंटीमीटर बारिश ने मौसम को पूरी तरह ठंडा कर दिया.

अगले 5 दिनों तक आंधी-पानी का अलर्ट, मौसम विभाग की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर के बाद आंधी और बारिश होने का यह सिलसिला आगामी 4 से 5 दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में जारी रह सकता है. इस वेदर सिस्टम के चलते आने वाले दिनों में राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बने रहने की उम्मीद है, जिससे लू का खतरा टल जाएगा.

    follow google news