राजस्थान के दो जिलों में वोटों से नहीं, पर्ची से चुने गए नए जिला प्रमुख! आखिर ऐसा क्यों हुआ?

26 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 26 2026 12:58 PM)

राजस्थान के डीडवाना-कुचामन और डूंगरपुर में जिला प्रमुख चुनाव के दौरान मुकाबला 14-14 वोट पर बराबर हो गया. इसके बाद लॉटरी से फैसला हुआ. डीडवाना-कुचामन में बीजेपी के बुद्धाराम गरवा और डूंगरपुर में BAP के अनुतोष रोत विजेता बने. डोटासरा ने डीडवाना में बीजेपी और RLP के बीच सेटिंग का आरोप लगाया.

rajasthan
rajasthan
Google CTA

राजनीति में कभी-कभी पूरा खेल नंबरों का होता है. किसके पास कितने सदस्य हैं, किसके पास बहुमत है और किसके साथ कौन खड़ा है. लेकिन राजस्थान के दो जिलों में जिला प्रमुख चुनने की बारी आई तो ये सारे गणित धरे रह गए. यहां मुकाबला ऐसा फंसा कि दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट मिले. न कोई आगे, न कोई पीछे. आखिरकार जीत का फैसला वोटों से नहीं बल्कि एक छोटी सी पर्ची से हुआ.

Read more!

इस पर्ची ने डीडवाना-कुचामन में बीजेपी की किस्मत चमका दी, जबकि डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के उम्मीदवार के नाम जिला प्रमुख की कुर्सी हो गई. यानी दो जिलों में एक जैसा मुकाबला, एक जैसा टाई और जीत दो अलग-अलग पार्टियों के खाते में.

राजस्थान के 37 जिलों में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे आए तो इन दो सीटों की कहानी सबसे ज्यादा चर्चा में रही. आखिर ऐसा क्या हुआ कि जिस पार्टी के पास ज्यादा सदस्य थे, उसके उम्मीदवार को भी जीत के लिए पर्ची का इंतजार करना पड़ा? पूरा मामला समझिए.

पहले डीडवाना-कुचामन का सियासी गणित समझिए

डीडवाना-कुचामन में जिला परिषद की कुल 35 सीटें थीं. चुनाव के नतीजे आए तो कांग्रेस 14 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. बीजेपी को 12 सीटें मिलीं, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में 9 सीटें आईं. सीटों के इस गणित में कांग्रेस सबसे आगे थी. लेकिन जिला प्रमुख का चुनाव हुआ तो कहानी कुछ और ही निकली. कांग्रेस की पूनम गोयल और बीजेपी के बुद्धाराम गरवा आमने-सामने थे. मतदान के बाद दोनों को 14-14 वोट मिले. वहीं RLP उम्मीदवार शिवपाल को 7 वोट मिले.

अब मामला बराबरी पर था. दोनों उम्मीदवारों को एक-एक वोट की बढ़त भी नहीं थी. ऐसे में चुनाव अधिकारी ने पर्ची के जरिए फैसला कराने का रास्ता अपनाया. एक छोटी बच्ची को बुलाया गया. उसके हाथ से पर्ची निकलवाई गई. सबकी नजर उस पर्ची पर थी. जब पर्ची खुली तो उसमें बीजेपी उम्मीदवार बुद्धाराम गरवा का नाम था. बस, इसी के साथ डीडवाना-कुचामन को अपना पहला जिला प्रमुख मिल गया. बीजेपी के पास जिला परिषद में 12 सीटें थीं, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी उसके खाते में चली गई. दूसरी तरफ 14 सीटें जीतने वाली कांग्रेस को पर्ची के फैसले से हार का सामना करना पड़ा.

RLP के 7 वोट कैसे रह गए? डोटासरा ने उठाए सवाल

डीडवाना-कुचामन का नतीजा आया तो कांग्रेस ने इसे लेकर सवाल खड़े किए. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और RLP के बीच राजनीतिक समझौते का आरोप लगाया. डोटासरा ने वोटों का हिसाब सामने रखा. उन्होंने कहा कि RLP के पास 9 जिला परिषद सदस्य थे, लेकिन उसके उम्मीदवार शिवपाल को सिर्फ 7 वोट मिले. दूसरी तरफ बीजेपी के पास 12 सदस्य थे, लेकिन उसके उम्मीदवार बुद्धाराम गरवा को 14 वोट मिले. डोटासरा ने आरोप लगाया कि बीजेपी और RLP के बीच अंदरखाने सेटिंग हुई थी. हालांकि, ये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आरोप हैं. गुप्त मतदान में किस सदस्य ने किसे वोट दिया, इसकी पुष्टि सिर्फ नतीजों के आंकड़ों से नहीं की जा सकती.

डूंगरपुर में भी पर्ची से चुनाव गया जिला प्रमुख

अब डीडवाना-कुचामन से निकलकर डूंगरपुर पहुंचिए. यहां भी जिला प्रमुख चुनाव में ऐसा ही मुकाबला देखने को मिला. फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार बीजेपी के सामने भारत आदिवासी पार्टी थी. डूंगरपुर जिला परिषद में कुल 37 सदस्य थे. इनमें बीजेपी के पास 14 और BAP के पास भी 14 सदस्य थे. कांग्रेस के खाते में 9 सदस्य थे.

जिला प्रमुख चुनाव में बीजेपी ने कांतिलाल डामोर को मैदान में उतारा. वहीं BAP की तरफ से अनुतोष रोत उम्मीदवार थे. मतदान हुआ तो दोनों को बराबर 14-14 वोट मिले. यानी यहां भी मुकाबला टाई हो गया. अब फैसला करने के लिए फिर वही तरीका अपनाया गया, जो डीडवाना-कुचामन में अपनाया गया था. पर्ची निकाली गई और इस बार किस्मत ने BAP का साथ दिया. पर्ची में अनुतोष रोत का नाम निकला. इसके साथ ही डूंगरपुर में जिला प्रमुख की कुर्सी BAP के खाते में चली गई.

इस तरह दोनों जिलों में 14-14 वोट का मुकाबला हुआ, लेकिन पर्ची ने अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों को विजेता बना दिया. डीडवाना-कुचामन में बीजेपी और डूंगरपुर में BAP को इसका फायदा मिला.

चुनाव में पर्ची से जीत का फैसला कैसे होता है?

अब आपके मन में सवाल होगा कि आखिर चुनाव जैसे बड़े मामले में हार-जीत का फैसला पर्ची से कैसे हो सकता है? क्या इसके लिए कोई नियम भी है?

इसका जवाब है- हां. यह कोई मनमाना तरीका नहीं है. राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 51 में बराबर वोट मिलने की स्थिति के लिए प्रावधान किया गया है. इसके तहत मुकाबला टाई होने पर रिटर्निंग अधिकारी लॉटरी के जरिए फैसला कर सकता है. नियम 52 में इसके परिणाम के आधार पर विजेता घोषित करने की प्रक्रिया दी गई है.

लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी बराबर वोट मिलने पर जनप्रतिनिधित्व कानून, 1951 की धारा 65 के तहत पर्ची निकालने का प्रावधान है. इसमें जिस उम्मीदवार के नाम की पर्ची निकलती है, उसे एक अतिरिक्त वोट मिला हुआ माना जाता है.

हालांकि, अलग-अलग चुनावों के लिए अलग नियम लागू होते हैं. इसलिए हर चुनाव में पर्ची से फैसला होने की प्रक्रिया एक जैसी नहीं होती.

राजस्थान में 37 जिला प्रमुखों का फाइनल हिसाब

बता दें राजस्थान के 37 जिलों में जिला प्रमुख चुनाव पूरा हो गया है. पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 24 जिलों में जिला प्रमुख का पद हासिल किया. वहीं बीजेपी 10 जिलों में अपना जिला प्रमुख बनाने में सफल रही. आदिवासी अंचल में BAP ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. पार्टी को बांसवाड़ा और डूंगरपुर में जिला प्रमुख की कुर्सी मिली. इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने नागौर में जीत दर्ज की. इस तरह 37 जिला प्रमुखों में 24 कांग्रेस, 10 बीजेपी, 2 BAP और 1 पद RLP के खाते में गया. यानी जिला प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस सबसे ज्यादा जिलों में आगे रही, जबकि बीजेपी दूसरे स्थान पर रही.

चूरू में राजेंद्र राठौड़ ने कौन-सी सियासी चाल चली? कांग्रेस का बहुमत धरा रह गया, बहू को जिला प्रमुख बनाकर दिया बड़ा संदेश!