राजेंद्र राठौड़ से भिड़े गुढ़ा, घर में घुसकर सुनाई खरी-खरी, जानिए आखिर क्या है विवाद और किस बात पर भड़के?

न्यूज तक डेस्क

• 01:17 PM • 18 Aug 2026

Rajendra Gudha Viral Video: जयपुर में निजी जमीन पर बिना टेंडर रातों-रात सड़क बनाने और महिलाओं पर पुलिस कार्रवाई को लेकर पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ के घर धरना देने पहुंच गए. गुढ़ा ने सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए, जिस पर राठौड़ ने सीएम से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया.

मांगों को लेकर राजेंद्र राठौड़ के घर में पहुंचे पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा
मांगों को लेकर राजेंद्र राठौड़ के घर में पहुंचे पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा
Google CTA

Rajendra Gudha vs Rajendra Rathore: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा अपने आक्रामक तेवरों को लेकर चर्चा में आ गए हैं. जयपुर में निजी खातेदारी जमीन पर बिना किसी नोटिस और टेंडर के रातों-रात सड़क बनाने तथा परिजनों पर पुलिसिया कार्रवाई के मुद्दे को लेकर राजेंद्र गुढ़ा बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के आवास पर पहुंचे. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली और गुढ़ा ने राठौड़ के घर में ही अनशन पर बैठने की चेतावनी दे डाली.

Read more!

बिना टेंडर सड़क बनाने और फर्जी मुकदमों का लगाया गंभीर आरोप

पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ के सामने जेडीए (जयपुर विकास प्राधिकरण) और जयपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. गुढ़ा ने कहा कि बिना किसी निविदा, टेंडर या नोटिस के रातों-रात लोगों की निजी खातेदारी जमीन पर सड़क डाल दी गई. जब विरोध किया गया तो पुलिस ने घरों पर दबिश दी, महिलाओं के साथ अभद्रता की और पानी की बौछारें छोड़ीं. इसके अलावा पुलिस ने थाने से मुलजिम भागने के फर्जी मुकदमे भी दर्ज कर दिए हैं, जिससे लोग अपना मोबाइल बंद करके छिपने को मजबूर हैं.

'राजपूत समाज बंधुआ मजदूर नहीं, चुनाव में चुकाएंगे हिसाब'

राजेंद्र गुढ़ा ने बीजेपी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के लिए मुसलमान मजबूरी हैं, तो बीजेपी के लिए राजपूत समाज कोई बंधुआ मजदूर नहीं है. समाज ने बड़ी तपस्या और कुर्बानियों के बाद राज्य और केंद्र में बीजेपी की सरकार बनाई है. यदि 20 तारीख तक इस अत्याचार पर रोक नहीं लगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले पंचायत व निकाय चुनावों में बीजेपी के मंत्रियों और विधायकों को गांवों में नहीं घुसने दिया जाएगा.

राजेंद्र राठौड़ ने दिया आश्वासन, सीएम से करेंगे बात

राजेंद्र राठौड़ ने राजेंद्र गुढ़ा के आरोपों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शांत कराया और अपने घर पर धरना न देने की अपील की. राठौड़ ने स्वीकार किया कि इस मामले में कहीं न कहीं भू-माफिया और लापरवाह अधिकारियों की मिलीभगत नजर आ रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संज्ञान में लाएंगे और दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कराएंगे. साथ ही उन्होंने जयपुर पुलिस कमिश्नर से भी बात करने का भरोसा दिया.

यह भी पढ़ें: 'गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा'...स्कूलों में बिना इजाजत मीडिया की एंट्री पर रोक वाले आदेश पर शिक्षा मंत्री दिलावर की दलील