राजस्थान की राजनीति में एक कहावत बड़ी मशहूर है राजेंद्र राठौड़ जब तक मैदान में हैं, तब तक कोई भी बाजी आखिरी नहीं मानी जा सकती. 2023 के विधानसभा चुनाव में तारानगर से हारने के बाद से ही उनके सियासी भविष्य पर तमाम तरह के कयास लग रहे थे. करीब तीन साल तक बिना किसी बड़े पद के हाशिये पर चल रहे राठौड़ ने चूरू जिला परिषद के चुनाव में ऐसा सियासी दांव चला कि सब देखते रह गए. हालात ये थे कि कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, लेकिन राठौड़ ने कांग्रेस के ही खेमे में सेंध लगाकर अपनी बहू कनिका सिंह को चूरू का जिला प्रमुख बनवा दिया.
ADVERTISEMENT
पहले समझिए पूरा गणित, बाजी पलटी कैसे?
चूरू जिला परिषद में कुल 39 सीटें हैं, इसलिए बहुमत का सीधा-सा आंकड़ा 20 का था. जब नतीजे आए, तो तस्वीर कुछ ऐसी बनी कि कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली जो बहुमत से एक ज्यादा थी, जबकि बीजेपी 17 सीटों पर ही सिमट गई यानी बहुमत से तीन कदम पीछे रही और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई.
कागजों पर कांग्रेस की जीत पक्की दिख रही थी और पार्टी ने प्रकाश देवी बुडानिया को अपना उम्मीदवार बनाया. दूसरी तरफ, बीजेपी बहुमत से पीछे होने के बावजूद राजेंद्र राठौड़ ने अपनी पुत्रवधू कनिका सिंह को मैदान में उतार दिया. जब जिला प्रमुख के लिए वोटिंग हुई, तो नतीजों ने सबको चौंका दिया. कनिका सिंह को 22 वोट मिले, जबकि बहुमत रखने वाली कांग्रेस की प्रकाश देवी बुडानिया 17 वोटों पर ही सिमट गईं. कांग्रेस के अपने ही 4 सदस्यों ने पाला बदलकर बीजेपी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी, और एक निर्दलीय का साथ भी राठौड़ के पाले में चला गया.
साख की लड़ाई, बेटे-बहू की एंट्री से कुर्सी तक का सफर
राजेंद्र राठौड़ के लिए यह चुनाव महज एक स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं था, बल्कि अपनी सियासी जमीन बचाने की आखिरी बड़ी परीक्षा जैसा था. लगातार 7 बार विधायक रहने के बाद 2023 की हार ने उनके कद को झटका दिया था. उनके समर्थकों को उम्मीद थी कि उपचुनाव, लोकसभा या फिर राज्यसभा के रास्ते उनकी मुख्यधारा में वापसी होगी, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी. यहां तक कि जब उनके बेटे पराक्रम सिंह ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में उतरने की तैयारी की, तो पार्टी का साथ न मिलने के कारण उन्हें भी कदम पीछे खींचने पड़े.
ऐसे में चूरू जिला परिषद का चुनाव राठौड़ के लिए 'करो या मरो' की स्थिति बन गया था. चूरू जिला प्रमुख की सीट अनारक्षित महिला के लिए तय हुई थी. राठौड़ ने सबसे पहले अपनी सियासी ताकत का इस्तेमाल करते हुए बेटे पराक्रम और बहू कनिका, दोनों को जिला परिषद सदस्य का टिकट दिलवाया. दोनों ने चुनाव जीता भी, पराक्रम 7,810 वोटों से और कनिका 2,384 वोटों से. इसके बाद असली खेल जिला प्रमुख की कुर्सी का था, जिसे राठौड़ ने अपने पुराने अनुभव के दम पर जीत लिया.
पर्दे के पीछे फिर वही 'काका-भतीजा' की अदावत
चूरू की सियासत की बात हो और राठौड़ बनाम कस्वां का जिक्र न हो, ऐसा हो नहीं सकता. यह चुनाव भी अप्रत्यक्ष रूप से 'काका' (राजेंद्र राठौड़) और 'भतीजे' (राहुल कस्वां खेमा) की प्रतिष्ठा की जंग बन गया था. लोकसभा चुनाव के वक्त से ही दोनों खेमों के बीच की तल्खी किसी से छिपी नहीं है. इस बार कांग्रेस खेमा अपनी बाड़ेबंदी को लेकर आश्वस्त था, लेकिन राठौड़ की रणनीति के आगे उनकी किलेबंदी ढह गई. कांग्रेस अपने जीते हुए सदस्यों को एकजुट रखने में नाकाम रही और राठौड़ ने ऐन वक्त पर बाजी पलट दी.
तीन मोर्चों पर राठौड़ की साधी हुई बाजी
इस पूरे चुनावी घटनाक्रम को करीब से देखें तो राजेंद्र राठौड़ के सामने तीन अहम चुनौतियां खड़ी थीं और तीनों मोर्चों पर उन्हें कामयाबी मिली. पहली चुनौती अपने बेटे पराक्रम सिंह और बहू कनिका सिंह को भाजपा का टिकट दिलाने की थी, जिस पर राठौड़ ने अपनी सियासी पकड़ के दम पर मुहर लगवा ली. दूसरी चुनौती दोनों को जिला परिषद सदस्य का चुनाव जिताने की थी, जिसे पराक्रम ने 7,810 वोटों और कनिका ने 2,384 वोटों से जीतकर पूरा कर दिखाया. वहीं तीसरी और सबसे कठिन चुनौती भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत न होने के बावजूद कनिका सिंह को जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचाने की थी, जिसे राठौड़ ने कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग कराकर अपने पक्ष में मोड़ लिया.
ADVERTISEMENT


