रणथंभौर में बाघिन 'शक्ति' का हैरतअंगेज कारनामा, पानी के राजा मगरमच्छ को ऐसे बनाया शिकार, VIDEO ने सबको चौंकाया

सुनील जोशी

• 03:58 PM • 05 Apr 2026

रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघिन शक्ति (टी-111) ने मगरमच्छ का शिकार कर सभी को हैरान कर दिया. यह दुर्लभ घटना सफारी के दौरान पर्यटकों ने देखी और कैमरे में कैद की. विशेषज्ञों के अनुसार, यह बाघिन की ताकत और रणनीति का शानदार उदाहरण है.

Ranthambore
Ranthambore
Google CTA

tiger vs crocodile: राजस्थान के मशहूर रणथंभौर नेशनल पार्क में पर्यटकों को आज एक ऐसा दुर्लभ नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए. पार्क के जोन नंबर 4 स्थित जामुन देह इलाके में बाघिन शक्ति (T-111) ने अपनी ताकत और फुर्ती का लोहा मनवाते हुए एक विशालकाय मगरमच्छ का शिकार कर लिया.

Read more!

बिजली की रफ्तार से किया हमला

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह जब पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि बाघिन शक्ति पानी के किनारे दबे पांव घात लगाकर बैठी है. जैसे ही सही मौका मिला, शक्ति ने बिजली की तेजी से पानी में मौजूद मगरमच्छ पर हमला बोल दिया. मगरमच्छ को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बाघिन ने उसे अपने मजबूत जबड़ों में जकड़ लिया.

चट्टानों पर खींच लाई शिकार

आमतौर पर मगरमच्छ को पानी का सबसे ताकतवर शिकारी माना जाता है, लेकिन शक्ति के आगे उसकी एक न चली. शिकार करने के बाद बाघिन उस भारी-भरकम मगरमच्छ को खींचते हुए पानी से बाहर निकालकर चट्टानों पर ले आई. पर्यटकों ने इस अद्भुत और रोमांचक दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर लिया.

क्यों खास है यह घटना?

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बाघ द्वारा मगरमच्छ का शिकार करना एक दुर्लभ घटना है. रणथंभौर अपनी टाइगर सफारी के लिए दुनिया भर में मशहूर है, लेकिन इस तरह के वाकये यहां के वाइल्डलाइफ को और भी ज्यादा रोमांचक बना देते हैं.

देखिए वीडियो