राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शनिवार को RAS परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया. इस बार की मेरिट लिस्ट में कड़ा मुकाबला देखने को मिला. बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने पूरी परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया है. दिलचस्प बात यह है कि दिनेश और दूसरी रैंक पर रहे वीरेंद्र चारण के बीच महज 0.50 (आधा) नंबर का अंतर रहा. दिनेश ने लिखित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 800 में से 302.50 अंक प्राप्त किए.
ADVERTISEMENT
ट्रेनिंग के साथ जारी रखी मेहनत
टॉपर दिनेश विश्नोई मूल रूप से बाड़मेर के भलीसर गांव के निवासी हैं. साल 2021 की भर्ती में उनकी 948वीं रैंक आई थी. इसके बाद साल 2023 में उन्होंने सुधार किया और 57वीं रैंक हासिल की. वर्तमान में वह राजस्थान पुलिस एकेडमी (RPA) में आरपीएस (RPS) की ट्रेनिंग ले रहे हैं. ट्रेनिंग के व्यस्त शेड्यूल के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और आज राजस्थान के टॉपर बन गए.
इंटरव्यू और लिखित परीक्षा का दिलचस्प गणित
रिजल्ट के आंकड़ों पर गौर करें तो दूसरी रैंक पाने वाले जैसलमेर के वीरेंद्र चारण इंटरव्यू में टॉपर दिनेश से कहीं आगे रहे. वीरेंद्र को इंटरव्यू में दिनेश से 9 नंबर ज्यादा मिले, लेकिन दिनेश ने लिखित परीक्षा में जो बढ़त बनाई थी, उसे वीरेंद्र कम नहीं कर सके. वहीं, मेरिट लिस्ट में नौवें स्थान पर रहे भूपेंद्र सिंह ने इंटरव्यू में सबसे ज्यादा 67 अंक हासिल किए. दूसरी तरफ सातवीं रैंक पाने वाले कैंडिडेट को इंटरव्यू में मात्र 37 नंबर मिले, फिर भी लिखित परीक्षा के अच्छे अंकों ने उन्हें टॉप-10 में बनाए रखा.
बॉर्डर जिलों का शानदार प्रदर्शन
इस बार के परिणामों में राजस्थान के सीमावर्ती और दूर-दराज के जिलों का दबदबा दिखाई दिया है. टॉप-20 उम्मीदवारों में से 7 उम्मीदवार बॉर्डर वाले जिलों से आते हैं. इनमें बाड़मेर, बालोतरा, बीकानेर, जैसलमेर और अनूपगढ़ के युवा शामिल हैं. इसके अलावा जयपुर और जोधपुर से भी तीन-तीन अभ्यर्थियों ने टॉप-20 में जगह बनाई है.
जल्द कार्यभार संभालेंगे 1096 अफसर
RPSC ने इस भर्ती प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पूरा किया है. वैकेंसी निकलने से लेकर फाइनल रिजल्ट तक महज 1 साल 7 महीने और 17 दिन का समय लगा. इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से राजस्थान को कुल 1096 नए अधिकारी मिलेंगे. इनमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं. फिलहाल आयोग ने 2391 उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट जारी की है, जबकि 10 कैंडिडेट्स का परिणाम अलग-अलग कारणों से रोका गया है.
ADVERTISEMENT


