संसद के मानसून सत्र में 'लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026' पर चर्चा के दौरान देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जमकर हंगामा देखने को मिला. राजस्थान से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने संसद में युवाओं की आवाज उठाते हुए सरकार और विपक्ष दोनों को आईना दिखाया.
ADVERTISEMENT
हनुमान बेनीवाल का संसद में तंज!
चर्चा के दौरान हनुमान बेनीवाल ने सभापति जगदंबिका पाल पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा, "आप एक दिन के मुख्यमंत्री रहे हैं, कम वक्त मिलने का दर्द आपसे बेहतर कौन जान सकता है!" उनके इस बयान पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा. इसके बाद बेनीवाल ने नीट (NEET) पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पेपर लीक का सबसे ज्यादा नुकसान राजस्थान के युवाओं ने झेला है. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से आग्रह किया कि सड़क से सदन तक लड़ने वाले नेताओं और युवाओं को संसद में बोलने का पूरा समय मिलना चाहिए.
राहुल गांधी के भाषण पर घमासान
संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पेपर लीक बिल पर अपनी बात रखी, लेकिन उनके भाषण के दौरान हुए हंगामे के चलते भाषण को पढ़ा हुआ मान लिया गया. राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों को लेकर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया. वहीं दूसरी तरफ, एनएसयूआई (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की मौजूदगी में राहुल गांधी ने फोन पर बिहार में घायल हुए एक पीड़ित छात्र से बात कर उसका हाल-चाल जाना और हर संभव मदद का भरोसा दिया.
रवींद्र सिंह भाटी की बीजेपी में एंट्री की अटकलें
राजस्थान की राजनीति में शिव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रवींद्र सिंह भाटी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. जैसलमेर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रदर्शन को अनुमति न मिलने पर भाटी ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के समर्थन में बयान जारी किया. माना जा रहा है कि युवाओं में भाटी की लोकप्रियता को देखते हुए बीजेपी उन्हें अपने पाले में लाने की कोशिश में है और जल्द ही भाटी बीजेपी का दामन थाम सकते हैं.
सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों के सुधार के लिए बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने डीग में एक कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों की यूनिफॉर्म के लिए ₹250 करोड़ और स्कूलों की मरम्मत के लिए ₹691 करोड़ की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से जारी की.
ADVERTISEMENT


