Ritu Barala case: जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर रात भर चला धरना, गहलोत-डोटासरा का बड़ा हमला!

न्यूज तक डेस्क

• 12:28 PM • 20 Oct 2026

दिल्ली में एनएसयूआई नेता ऋतु बराला के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में कांग्रेस ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पर रातभर धरना दिया. कांग्रेस नेताओं ने जल्द एफआईआर दर्ज न होने पर जयपुर में बड़ा प्रदर्शन और शहर जाम करने की चेतावनी दी है.

Ritu Barala Case
Ritu Barala Case
Google CTA

दिल्ली में एनएसयूआई (NSUI) नेता ऋतु बराला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला अब राजस्थान की सियासत के केंद्र में आ गया है. इस प्रकरण में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपना लिया है.

Read more!

सोमवार रात को हालात तब और गरमा गए जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भारी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गए और पूरी रात कमिश्नरेट के बाहर ही धरना देकर डटे रहे. कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो जयपुर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और शहर को जाम कर दिया जाएगा.

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई नेता ऋतु बराला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट, अभद्रता और गंभीर प्रताड़ना की गई. इस घटना के बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिसके चलते वह दो दिन तक अस्पताल में रहीं और डिप्रेशन में भी रहीं.

सोमवार को ऋतु बराला जयपुर के मोती डूंगरी थाने पहुंचीं और पुलिस को परिवाद सौंपकर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज करने की मांग की. हालांकि, जब स्थानीय थाने में कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला तेजी से राजनीतिक तूल पकड़ गया.

कमिश्नरेट के बाहर रातभर का धरना

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान से निर्देश मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार देर रात अपने समर्थकों के साथ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे. कांग्रेस नेताओं ने कमिश्नरेट के गेट पर बैठकर रात बिताई और जमकर नारेबाजी की.

डोटासरा ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि नए आपराधिक कानून (BNS) की धारा 173(1) के तहत 'जीरो एफआईआर' देश में कहीं भी दर्ज की जा सकती है, और महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए विशेष कानूनी प्रावधान हैं,. इसके बावजूद पुलिस और सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और कोई भी अधिकारी संतोषजनक जवाब देने को तैयार नहीं है.

मंगलवार को बड़े आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. इसके साथ ही, कांग्रेस ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से जयपुर कूच करने का आह्वान किया है. चेतावनी दी गई है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो पुलिस कमिश्नरेट का घेराव किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जयपुर शहर को जाम कर दिया जाएगा.

फिलहाल, ऋतु बराला के इस मामले ने राजस्थान की राजनीतिक सरगर्मी को काफी बढ़ा दिया है, और सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है.

ये भी पढ़ें: अलवर: बच्चों और पति को छोड़ प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही महिला की मौत, सोशल मीडिया पर बनाती थी REEL