राजस्थान की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अक्सर अपने सरल स्वभाव और जनता के बीच जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक समर्थक उन्हें बड़े ही प्यार से हुक्का पीने का आग्रह करता नजर आ रहा है. इस दौरान पायलट ने जिस अंदाज में प्रतिक्रिया दी, उसने लोगों का दिल जीत लिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सचिन पायलट अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच घिरे हुए हैं. इसी दौरान एक बुजुर्ग समर्थक हुक्का लेकर उनके पास पहुंचता है और उनसे आग्रह करता है, "साहब, एक बार (हुक्का) लगा लो." समर्थक के इस निश्छल और देसी अंदाज पर पायलट मुस्कुराए बिना नहीं रह सके.
पायलट ने हाथ जोड़कर किया इनकार
हुक्के का आग्रह सुनकर सचिन पायलट ने बड़े ही विनम्र भाव से दोनों हाथ जोड़े और मुस्कुराते हुए उसे पीने से मना कर दिया. उन्होंने अपने अंदाज में समर्थक को समझाया कि वह ये सब नहीं करते. वीडियो में पीछे से 'पायलट जिंदाबाद' के नारे भी सुनाई दे रहे हैं. यह वीडियो पायलट के गृह क्षेत्र या उनके दौरों के दौरान का बताया जा रहा है, जहां ग्रामीण अक्सर अपने नेताओं का इसी तरह पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हैं.
जिले की राजनीति पर भी की चर्चा
वीडियो में हुक्का प्रकरण के अलावा पायलट को स्थानीय राजनीति पर चर्चा करते हुए भी सुना जा सकता है. वह कार्यकर्ताओं से कह रहे हैं कि अब केवल विधानसभा नहीं, बल्कि जिले की बात किया करो. उन्होंने व्यवस्थाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए. उनके साथ मुरारी लाल मीणा और अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद नजर आ रहे हैं.
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
पायलट के इस वीडियो को उनके समर्थक खूब शेयर कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि पायलट जिस तरह ग्रामीण परिवेश और बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनकी बातों को सुनते हैं, वही उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाता है.
ADVERTISEMENT


