राजस्थान की राजनीति से इस वक्त एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. चर्चा है कि कांग्रेस आलाकमान जल्द ही वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को राजस्थान कांग्रेस की कमान सौंप सकता है. सूत्रों के मुताबिक, राज्य में संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों को देखते हुए पार्टी यह बड़ा फैसला लेने की तैयारी में है.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस पार्टी में इन दिनों संगठन के स्तर पर लगातार कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. इसी कड़ी में अब राजनीतिक गलियारों में यह सुगबुगाहट बेहद तेज हो गई है कि सचिन पायलट को एक बार फिर राजस्थान में सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, आलाकमान उन्हें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का अध्यक्ष बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है.
पिछले काफी समय से कांग्रेस आलाकमान अलग-अलग राज्यों में युवाओं को आगे बढ़ाने और संगठन में नया जोश फूंकने की रणनीति पर काम कर रहा है. राजस्थान में भी लंबे समय से अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच की सियासी खींचतान सुर्खियों में रही है. हालांकि पार्टी हमेशा दोनों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती आई है, लेकिन अब माना जा रहा है कि जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए पायलट को आगे किया जा सकता है.
पहले भी संभाल चुके हैं कमान
आपको बता दें कि सचिन पायलट पहले भी राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं. उनके पिछले कार्यकाल के दौरान ही कांग्रेस ने राजस्थान में दमदार प्रदर्शन किया था और सरकार बनाई थी. हालांकि, सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर अशोक गहलोत और उनके बीच मतभेद गहरे हो गए थे, जो कई बार खुलकर सामने भी आए.
फिलहाल छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं पायलट
मौजूदा समय में सचिन पायलट कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हैं और उनके पास छत्तीसगढ़ के प्रभारी की जिम्मेदारी है. चर्चा है कि उन्हें इस केंद्रीय जिम्मेदारी से मुक्त करके पूरी तरह से राजस्थान की राजनीति में एक्टिव किया जाएगा. पायलट समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी लंबे समय से उन्हें राज्य में बड़ी भूमिका देने की मांग कर रहे थे. हालांकि, इस बारे में अभी तक कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजस्थान के सियासी हलकों में हलचल बेहद तेज हो चुकी है.
ADVERTISEMENT


