सवाई माधोपुर में खौफनाक वारदात! 8 लाख के लेनदेन में प्रेमी को घर बुलाकर जिंदा जलाया? मरने से पहले लोकेश ने खोला राज

Sawai Madhopur murder case: सवाई माधोपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां लोकेश मीणा को कथित तौर पर प्रेमिका के घर बुलाकर जिंदा जला दिया गया. मरने से पहले दिए गए बयान में उसने आरोपियों के नाम उजागर किए. जानिए 8 लाख के लेनदेन, प्रेम प्रसंग, पुलिस की अलग थ्योरी और पूरे मामले की सच्चाई क्या है.

Sawai Madhopur murder case
Sawai Madhopur murder case

सुनील जोशी

follow google news

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार और पैसों के विवाद ने एक युवक की बलि ले ली. सुरवाल थाना क्षेत्र के धनौली गांव में 28 वर्षीय लोकेश मीणा को उसकी प्रेमिका के घर पर कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया. गंभीर रूप से झुलसे लोकेश की अस्पताल में मौत हो गई, लेकिन दम तोड़ने से पहले उसने एक वीडियो बयान में अपनी मौत के जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर कर दिए हैं.

Read more!

कर्ज चुकाने के बहाने बुलाकर रची साजिश?

मृतक लोकेश के परिजनों का आरोप है कि लोकेश का धनौली गांव की पूजा मीणा के साथ प्रेम प्रसंग था और उसने पूजा के परिवार को अलग-अलग किश्तों में करीब 7 से 8 लाख रुपये उधार दे रखे थे. परिजनों का दावा है कि 23 मार्च को पूजा के परिवार ने लोकेश को उधारी के पैसे लौटाने के बहाने अपने घर बुलाया. वहां पूर्व नियोजित साजिश के तहत पूजा, उसके भाई कुलदीप, पिता हरिराम और मां काली देवी ने लोकेश पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. लोकेश ने अपने आखिरी बयान में चीख-चीख कर कहा कि उसे धोखे से बुलाया गया और इन चारों ने मिलकर उसे जलाया.

पुलिस की थ्योरी और 'गोत्र' का पेंच

इस मामले में पुलिस की शुरुआती जांच एक अलग ही कहानी बयां कर रही है. सवाई माधोपुर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह प्रेम प्रसंग का मामला है, जिसमें लोकेश और पूजा एक ही गोत्र के थे. एक ही गोत्र होने के कारण पूजा के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि शादी से इनकार किए जाने पर लोकेश ने खुद ही पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने लोकेश के पर्चा बयान के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है.

परिजनों का प्रदर्शन और इंसाफ की मांग

लोकेश की मौत के बाद सवाई माधोपुर में तनाव व्याप्त है. परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. परिजनों का सवाल है कि अगर लोकेश खुदकुशी करने गया था, तो क्या वह अपने साथ पेट्रोल की बोतल लेकर गया था? वहीं, लोकेश ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि उसने कभी पूजा को ब्लैकमेल नहीं किया और वह केवल अपने पैसे वापस लेने गया था. फिलहाल, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह सुनियोजित हत्या है या फिर प्रेम में असफल होने के बाद उठाया गया आत्मघाती कदम.

    follow google news