श्रीगंगानगर में चोरों का गजब कारनामा! चलती लाइन में चेन फंसाकर गायब कर दिए 2 KM बिजली के तार, हजारों घरों में पसरा अंधेरा

न्यूज तक डेस्क

• 03:28 PM • 03 Jul 2026

राजस्थान के श्रीगंगानगर में चोरों ने चलती हुई 33 KV हाईटेंशन लाइन में चेन डालकर बिजली ट्रिप की और करीब 2 किलोमीटर लंबे तार काटकर पिकअप में भरकर ले गए. इस शातिराना चोरी के कारण भीषण गर्मी में हजारों घरों की बत्ती गुल है और किसानों की मोटरें बंद पड़ी हैं.

sri ganganagar
sri ganganagar
Google CTA

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से चोरी की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और बिजली विभाग दोनों के होश उड़ा दिए हैं. अमूमन तौर पर चोर घरों या दुकानों में चोरी करते हैं, लेकिन यहां चोरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सरकारी सिस्टम पर ही डाका डाल दिया. गढ़साना थाना क्षेत्र में चोर एक चलती हुई 33 KV (किलोवाट) की हाईटेंशन बिजली लाइन से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबे भारी-भरकम तार काटकर चुरा ले गए.

Read more!

चलती लाइन को ऐसे किया ट्रिप, फिर काटे तार

यह पूरी घटना रात के करीब 12 बजे की है. 33,000 किलोवाट की इस लाइन में भारी करंट दौड़ रहा था, जिसके पास जाना भी जानलेवा होता है. चोरों ने बेहद शातिराना और तकनीकी तरीका अपनाया. उन्होंने चलती हुई लाइन के ऊपर एक लोहे की चेन डाली, जिससे बिजली की लाइन तुरंत ट्रिप (बंद) हो गई. इसके बाद चोरों ने खंभों पर चढ़कर तेजी से तारों को काटना शुरू कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद चोर तारों को एक पिकअप गाड़ी में भरकर फरार हो गए. तारों के खिंचाव से बिजली के भारी-भरकम पोल भी टूट गए.

भीषण गर्मी में हजारों घरों की बत्ती गुल, किसान परेशान

चोरों के इस कारनामे की वजह से इलाके के हजारों घरों की बत्ती गुल हो गई है. वारदात के 12 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग लाइन को दुरुस्त नहीं कर सका. इस भीषण गर्मी में लोगों के घरों और दुकानों के एसी, कूलर और फ्रिज बंद पड़े हैं. इसके अलावा, किसानों के खेतों में सिंचाई की मोटरें ठप हैं और ग्रामीण इलाकों में आटा चक्की व सरसों तेल निकालने वाली मशीनें पूरी तरह बंद हो गई हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बिजली विभाग के किसी जानकार का हाथ होने का शक

इस चोरी ने बिजली विभाग की मुस्तैदी और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. विभाग ने सुबह 10 बजे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर चोरों के सुराग तलाशने में जुटी है. चोरी के तरीके को देखकर आशंका जताई जा रही है कि इसमें किसी आम नशेड़ी का नहीं, बल्कि बिजली विभाग के ही किसी तकनीकी रूप से मजबूत पूर्व कर्मचारी, संविदा कर्मी या ठेकेदार के कारिंदों का हाथ हो सकता है.

(रिपोर्ट: रवि बिश्नोई)