राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भले ही सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए मंत्रियों को जिलों में भेज रहे हों, लेकिन कुछ अधिकारी इन बैठकों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. टोंक जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां प्रभारी मंत्री की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान एक महिला अधिकारी मोबाइल पर फेसबुक रील्स देखने में व्यस्त नजर आईं.
ADVERTISEMENT
क्या है मामला?
दरअसल, प्रदेश के ऊर्जा और टोंक जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर जिले के विकास कार्यों, बिजली, पानी और एलपीजी जैसे गंभीर मुद्दों पर कलेक्टर, एसपी और विधायकों के साथ चर्चा कर रहे थे. इसी दौरान महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक, मेरींगटन सोनी बैठक की मर्यादा भूलकर अपने फोन में खोई रहीं. वे काफी देर तक बेफिक्री से फेसबुक रील्स देखती रहीं, जबकि उनके पास ही जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग जनता की समस्याओं का समाधान खोज रहे थे.
रिल्स देखते कैमरे में कैद हुई अधिकारी
महिला अधिकारी की यह पूरी हरकत वहां मौजूद मीडिया के कैमरों में कैद हो गई. जब बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने मंत्री हीरालाल नागर को इस वीडियो के बारे में बताया, तो वे भी हैरान रह गए.
मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कहा कि जिला कलेक्टर इस मामले में संबंधित अधिकारी को चार्जशीट जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेंगी.
इस लापरवाही का असर यह हुआ कि बैठक के बाद आयोजित 'राजसखी मेले' का अवलोकन करने का कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ. बैठक में निवाई विधायक रामसहाय वर्मा और देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर भी उपस्थित थे.
शहर की सफाई और बिजली पर मंत्री का रुख
बैठक के दौरान जब टोंक को राजस्थान का सबसे गंदा शहर बताए जाने पर सवाल हुआ, तो मंत्री ने इसका ठीकरा जनता पर फोड़ते हुए कहा कि अधिकारियों को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए जाएंगे. वहीं, शहर में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या पर उन्होंने अपने विभाग का बचाव करते हुए इसे मेंटेनेंस का हिस्सा बताया.
ADVERTISEMENT


