टोंक: गुर्जरों के तीसरे बड़े धार्मिक स्थल पर पैनोरमा निर्माण, आनन-फानन में अब शुरू किया कार्य

मनोज तिवारी

28 Jan 2023 (अपडेटेड: Jan 28 2023 2:18 AM)

Tonk: भगवान देवनारायण की 1111वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से गहलोत सरकार भी हरकत में आ गई है. भाजपा द्वारा गुर्जर जाति को साधने के इस प्लान से कांग्रेस भी पीछे नहीं है. इस कार्यक्रम से कांग्रेस सरकार पूरी तरह से हरकत में नजर आ रही है. प्रदेश सरकार ने जहां भगवान […]

NewsTak
Google CTA

Tonk: भगवान देवनारायण की 1111वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने से गहलोत सरकार भी हरकत में आ गई है. भाजपा द्वारा गुर्जर जाति को साधने के इस प्लान से कांग्रेस भी पीछे नहीं है. इस कार्यक्रम से कांग्रेस सरकार पूरी तरह से हरकत में नजर आ रही है. प्रदेश सरकार ने जहां भगवान देवनारायण की जयंती पर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश की महत्वपूर्ण घोषणा की.

Read more!

वहीं अब आनन-फानन में गुर्जरों के तीसरे बड़े धार्मिक स्थान टोंक जिले के देवधाम जोधपुरिया में विगत बजट घोषणा के अनुरूप वहां भगवान देवनारायण के पैनोरमा निर्माण की शुरूआत कर दी है. 4.50 करोड़ रूपये की लागत से बनाये जाने वाले इस पैनोरमा को लेकर शुक्रवार को जोधपुरिया में भूमि पूजन का कार्य किया गया.

ग़ौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लगभग तीन माह पूर्व 22 नवम्बर 2022 को चित्तौड़गढ़ में इस पैनोरमा का वर्चुअल शिलान्यास किया था. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पैनोरमा निर्माण के लिए प्राधिकरण को प्रदान की गई शिला को शुक्रवार निवाई विधायक प्रशांत बैरवा द्वारा सबसे पहले नींव में रखा गया. भगवान देवनारायण ट्रस्ट जोधपुरिया धाम के अध्यक्ष पूनम चन्द लांगड़ी और प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकम चन्द बोहरा ने भी पैनोरमा निर्माण के भूमि पूजन में भाग लिया.

त्रिवेणी संगम स्थित देवधाम जोधपुरिया में बनाये जाने वाले इस पैनोरमा में भगवान देवनारायण जी की संपूर्ण जीवनगाथा को 2 डी, 3 डी, फाइबर, मार्बल व गनमेटल मूर्तियों के अलावा प्रिंट माध्यम से दर्शाया जायेगा. इस पेनोरमा परिसर में सवाईभोज एवं देवनारायण जी की अश्वारुढ गनमेटल की विशाल प्रतिमाएं भी लगायी जाएंगी.

इस पैनोरमा निर्माण के प्रभारी सहायक अभियंता प्रवीण कुल्हरी ने बताया कि लगभग आठ माह में इस परियोजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा. पैनोरमा निर्माण के लिए जोधपुरिया में भगवान देवनारायण जी मंदिर के निकट एक बीघा भूमि जिला कलक्टर द्वारा धरोहर प्राधिकरण को आवंटित की गई है. मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचंद बोहरा ने बताया कि पेनोरमा निर्माण कार्य पूरा होने पर लोकार्पण के पश्चात् राज्य सरकार के आदेशानुसार पैनोरमा संचालन एवं देखरेख का कार्य उपखंड अधिकारी निवाई की अध्यक्षता में गठित एक प्रशासनिक समिति द्वारा किया जायेगा.