टोंक: विधायक के PA की पत्नी चुनाव हारीं, अब गांवों से हटाई जा रही हैं लाइट्स, बिजली विभाग ने बताया असली वजह

22 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 22 2026 6:25 PM)

टोंक की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 की ढाणियों में लगी करीब 50 रोड लाइट्स हटाने का मामला चर्चा में है. ग्रामीणों ने इसे चुनावी हार से जोड़कर राजनीतिक बदले का आरोप लगाया है. वहीं, बिजली विभाग ने अवैध कनेक्शन बताकर कार्रवाई की बात कही. विधायक रामसहाय वर्मा ने भी सफाई दी है.

Tonk
Tonk
Google CTA

टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 की कुछ ढाणियों में लगी रोड लाइट्स को हटाए जाने का मामला चर्चा में है. ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हारने के बाद राजनीतिक बदले की भावना से लाइट्स हटवाई जा रही हैं. हालांकि, बिजली विभाग ने इन लाइट्स को अवैध कनेक्शन से जुड़ा मामला बताया है. वहीं, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने भी इस पूरे मामले पर सफाई दी है.

Read more!

दरअसल, पीपलू पंचायत समिति के वार्ड-2 के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत राणोली की कुम्हारों की ढाणी, बेगमपुरा, हनीफगंज और बिजलपुरा में करीब 50 एलईडी रोड लाइट्स लगाई गई थीं. इन लाइट्स से गांवों की सड़कें रोशन हो रही थीं. लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद इन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई.

प्रियंका शर्मा की हार के बाद शुरू हुई चर्चा

इस मामले को पंचायत समिति सदस्य के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. वार्ड-2 से निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा चुनाव मैदान में थीं. हालांकि, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा.

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रियंका शर्मा की हार के बाद बदले की भावना से ढाणियों में लगवाई गई रोड लाइट्स हटवाई जा रही हैं. इसको लेकर गांवों में चर्चा भी हो रही है. ग्रामीणों के विरोध के बाद फिलहाल कुम्हारों की ढाणी में 10 बिजली के खंभों से ही लाइट्स हटाई जा सकीं.

बिजली विभाग ने बताया अवैध कनेक्शन का मामला

दूसरी तरफ, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) ने इस मामले में अलग वजह बताई है. विभाग के अधिशासी अभियंता डीआर मीणा के मुताबिक, बिजली फॉल्ट ठीक करने के लिए जब एफआरटी टीम गांवों में पहुंची तो उसे बिजली के खंभों पर अवैध कनेक्शन करके लगाई गई रोड लाइट्स मिलीं.

इसके बाद एफआरटी की रिपोर्ट के आधार पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर जांच की. जांच में कनेक्शन अवैध पाए जाने पर लाइट्स हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. डीआर मीणा ने बताया कि इन लाइट्स को किसने लगवाया था, इसकी जानकारी विभाग को नहीं है. इस मामले में जेवीएनएल के एसई ने अधिशासी अभियंता डीआर मीणा को जांच की जिम्मेदारी भी सौंपी है.

विधायक रामसहाय वर्मा ने क्या कहा?

मामले पर निवाई विधायक रामसहाय वर्मा ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि दीपावली को देखते हुए प्रत्याशियों की ओर से इन ढाणियों में लाइट्स लगवाई गई थीं. बाद में बिजली के बिल का मामला सामने आने पर जेवीएनएल ने कार्रवाई शुरू की.

विधायक के मुताबिक, नवनिर्वाचित सरपंचों ने बिजली के बिलों का भुगतान करने पर सहमति जताई है. इसके बाद करीब 40 बिजली के खंभों से बाकी लाइट्स हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है.

उन्होंने कहा कि उनके निजी सहायक की पत्नी को चुनाव में मिली हार के कारण इस पूरे मामले को राजनीतिक द्वेष से जोड़कर देखा जा रहा है.