Bike Crashes Into Petrol Pump Udaipur: राजस्थान के उदयपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बिना किसी चालक के एक बाइक अचानक पेट्रोल पंप के अंदर आ गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के समय पेट्रोल पंप पर लोग भी मौजूद थे. वीडियाे में दिख रहा है कि बाइक पेट्रोल-डीजल मशीनों के बिल्कुल करीब से गुजरते हुए सीधे सामने की दीवार से जा टकराई. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं. गनीमत रही कि बाइक किसी मशीन या वहां मौजूद व्यक्ति से नहीं टकराई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. जानिए क्या है पूरा मामला?
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना उदयपुर जिले के भडार कस्बे में गोपालपुरा गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई. पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई यह फुटेज तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक बाइक सड़क की तरफ से तेज रफ्तार में पेट्रोल पंप परिसर में दाखिल होती है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उस पर कोई चालक नजर नहीं आता.
जानें कैसे बिना चालक के कैसे चली बाइक?
इसके पीछे की असल वजह सड़क पर हुई दो मोटरसाइकिलों की आपसी टक्कर थी. गोपालपुरा गांव के पास राजसमंद जिले के केलवा में मार्बल स्टोन का काम करने वाले कुछ लोग अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आई एक अन्य बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए. इसी दौरान एक्सीलेटर या अन्य कारणों से उस बाइक का नियंत्रण छूट गया और वह बिना किसी चालक के आगे बढ़ती चली गई. सड़क पर कुछ दूरी तय करने के बाद वह बाइक सीधे पेट्रोल पंप के अंदर जा घुसी.
एक बड़ा हादसा टला, टल गई भारी तबाही
पेट्रोल पंप के मालिक नरसिम्हा पुरोहित ने बताया कि बाइक सवार लोग पेट्रोल डलवाने के लिए वहां रुके थे, तभी पीछे से टक्कर हुई. टक्कर के बाद तीनों लोग सड़क पर ही रह गए, लेकिन उनकी बाइक उनके पैरों के बीच से निकलकर आगे भाग निकली.सबसे डरावनी बात यह थी कि यदि यह बेकाबू बाइक पेट्रोल-डीजल भरने वाली मशीनों या मुख्य टैंक से जा टकराती, तो वहां मौजूद लोगों की जान पर बन आती और आग लगने से भीषण विस्फोट हो सकता था. गनीमत यह रही कि बाइक दीवार से टकराकर रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया. इस अनोखी और खौफनाक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: पाली: गर्भवती महिला के इलाज को लेकर हुआ विवाद, बुजुर्ग पर भड़कीं महिला डॉक्टर, वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT


