भक्ति का अनोखा जुनून! यूपी से खाटू श्याम के लिए स्केटिंग पर निकला 'कन्हैया', 15 दिनों में तय किया सैकड़ों किलोमीटर का सफर

Khatu Shyam devotee skating: यूपी के कन्हैया मित्तल का अनोखा भक्ति सफर चर्चा में है, जो स्केटिंग करते हुए खाटू श्याम मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं. 15 दिनों में सैकड़ों किलोमीटर तय कर चुके इस युवा की श्रद्धा और जुनून लोगों को हैरान कर रहा है. जानिए कैसे हाईवे पर स्केटिंग कर बाबा श्याम के दरबार तक पहुंच रहे हैं कन्हैया.

Khatu Shyam devotee skating
Khatu Shyam devotee skating news

विशाल शर्मा

follow google news

कहते हैं कि जब बाबा श्याम का बुलावा आता है, तो भक्त के कदम नहीं रुकते. ऐसा ही एक अनोखा नजारा राजस्थान के हाईवे पर देखने को मिल रहा है, जहां उत्तर प्रदेश का एक युवा भक्त कन्हैया मित्तल स्केटिंग करते हुए खाटू श्याम जी के दरबार की ओर बढ़ रहा है. कन्हैया का यह सफर न केवल उनके साहस को दर्शाता है, बल्कि बाबा श्याम के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा की एक नई मिसाल पेश कर रहा है.

Read more!

1 अप्रैल को शुरू हुआ था सफर

कन्हैया ने अपना यह सफर 1 अप्रैल को उत्तर प्रदेश से शुरू किया था. आज उनके सफर का 15वां दिन है. हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच स्केटिंग करना कोई आसान काम नहीं है, लेकिन कन्हैया का कहना है कि उनके पास स्केटिंग का 7 साल का अनुभव है, जो उन्हें सुरक्षा के साथ आगे बढ़ने में मदद कर रहा है. वह अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रख रहे हैं और निरंतर बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं.

'हारे का सहारा है मेरा बाबा'

कन्हैया ने बताया कि बाबा के दरबार जाने की उनकी कोई पुरानी योजना नहीं थी. महज 5 दिन पहले उनके मन में अचानक विचार आया कि उन्हें खाटू धाम जाना चाहिए, और उन्होंने तुरंत अपने स्केट्स उठाए और चल दिए. कन्हैया का मानना है कि वह बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें बाबा ने अपने द्वार पर आमंत्रित किया. वह कहते हैं, 'मैंने कई लोगों को सुना है जो सालों से जाने की सोच रहे हैं लेकिन जा नहीं पाते, मेरा अचानक निकल पड़ना बाबा की ही कृपा है.' 

राजस्थान में मिल रहा है भरपूर प्यार और सहयोग

हाईवे किनारे जो भी लोग कन्हैया को इस अनोखे अंदाज में देख रहे हैं, वे हैरान भी हैं और प्रेरित भी. कन्हैया के अनुसार, उन्हें पूरे रास्ते लोगों का बहुत प्यार मिल रहा है, खासकर राजस्थान में घुसने के बाद यहां के लोगों ने उनका जबरदस्त स्वागत और सहयोग किया है. सोशल मीडिया के इस दौर में कन्हैया अपनी यात्रा को साझा भी कर रहे हैं, लेकिन उनका कहना है कि यह केवल क्रेज नहीं बल्कि बाबा के प्रति समर्पण है.

सोशल मीडिया और सुरक्षा का तालमेल

भले ही कन्हैया स्केटिंग के जरिए सुर्खियां बटोर रहे हों, लेकिन उन्होंने अपनी यात्रा में सुरक्षा को प्राथमिकता दी है. उनके पास अपनी यात्रा को रिकॉर्ड करने के लिए कैमरे भी हैं, जिससे यह साफ होता है कि वह आधुनिक और पारंपरिक भक्ति का एक अनूठा संगम पेश कर रहे हैं. कन्हैया का कहना है कि बाबा की कृपा रही तो वह जल्द ही खाटू दरबार पहुंचकर शीश नवाएंगे. 

    follow google news