वसुंधरा राजे के बयान पर बीजेपी में हलचल, 'काम नहीं हो रहे' वाले दावे पर भड़के प्रदेश अध्यक्ष, दिया बड़ा जवाब

राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की नाराजगी और उनके काम रुकने के दावों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने कहा कि राजे पार्टी की सम्मानित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और उनके सभी काम सुचारू रूप से हो रहे हैं.

वसुंधरा राजे
वसुंधरा राजे

न्यूज तक डेस्क

follow google news

राजस्थान बीजेपी के भीतर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कथित बयान को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. हाल ही में एक चर्चा के दौरान जब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से वसुंधरा राजे के उस बयान पर सवाल पूछा गया जिसमें उन्होंने कहा था कि "उन्हें हटा दिया गया और उनके काम भी नहीं हो रहे", तो प्रदेश अध्यक्ष तमतमा गए और उन्होंने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया.

Read more!

'राजे के सभी काम हो रहे हैं'

प्रदेश अध्यक्ष ने रिपोर्टर के सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वसुंधरा राजे के सभी काम हो रहे हैं. उन्होंने खुलासा किया कि उनकी वसुंधरा राजे से बातचीत हुई है और उन्होंने कभी ऐसी कोई बात नहीं कही. उन्होंने कहा, "वसुंधरा जी हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, उनके काम रुकने का सवाल ही नहीं उठता. यह गलत बात फैलाई जा रही है."

कुर्सी नहीं बचा पाने के सवाल पर पलटवार

जब पत्रकार ने सवाल किया कि क्या वसुंधरा राजे अपनी कुर्सी नहीं बचा पाईं, तो प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "मुख्यमंत्री की कुर्सी पर हर बार कोई एक ही व्यक्ति रहे, यह जरूरी नहीं है. वह आज पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं. आप कैसी बातें कर रहे हैं कि क्या नहीं बचा पाईं?" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी में पदों का बदलाव एक स्वाभाविक प्रक्रिया है.

नियुक्तियों और महिला आरक्षण पर कांग्रेस को घेरा

प्रदेश अध्यक्ष ने बीजेपी संगठन में हो रही नियुक्तियों का बचाव करते हुए कहा कि अरुण चतुर्वेदी, सीआर चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की नियुक्तियां हो चुकी हैं. मोर्चे भी बन चुके हैं और बाकी बची नियुक्तियां भी जल्द पूरी कर ली जाएंगी.

वहीं, महिला आरक्षण पर कांग्रेस के रुख को उन्होंने 'नाटकबाजी' करार दिया. उन्होंने कहा कि जब यह विधेयक पारित हुआ था तब कांग्रेस भी साथ थी, लेकिन अब जमीन खिसकती देख वह राजनीति कर रही है.

बंगाल और अन्य राज्यों में जीत का दावा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी चुनावों पर विश्वास जताते हुए कहा कि असम में बीजेपी दो-तिहाई बहुमत से जीतेगी. बंगाल में ममता बनर्जी का जनाधार खिसक चुका है और बीजेपी वहां सरकार बनाने की स्थिति में है. तमिलनाडु और केरल में भी उन्होंने पार्टी के अच्छे प्रदर्शन का दावा किया.

 

    follow google news