भारी बारिश से जैसलमेर के विश्व विख्यात किले को पहुंचा नुकसान, भरभराकर गिरी सोनार दुर्ग की दीवार

जैसलमेर में तेज बारिश के कारण विश्व प्रसिद्ध सोनार किले के बुर्ज की एक दीवार ढह गई.

sonar fort
sonar fort

विमल भाटिया

follow google news

जैसलमेर (jaisalmer News) में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश का दौर जारी हैं जिसकी वजह से कई सड़कें नदियां बन गई हैं. इस भारी बारिश (Heavy Rain in Jaisalmer) की वजह से विश्व विख्यात यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट (UNESCO World Heritage Site) सोनार किले के एक प्रमुख बुर्ज की दीवार ढह गई. इससे दीवार के बड़े पत्थर कुछ मोरियों में आकर गिरे तो कुछ हवा में लटक गए. गनीमत रही कि ये पत्थर ऊपर से सड़क पर नहीं गिरे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.

Read more!

सोनार दुर्ग (Sonar Fort) की दीवार गिरने की जानकारी मिलने पर ADM एम आर बगड़िया, नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह और एडिशनल एसपी धर्मेंद्र डूकिया पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. दीवार के पत्थरों के नीचे गिरने की आशंका को लेकर जिला प्रशासन ने मुख्य सड़क मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर आवजाही बंद कर दी है. इसके अलावा किले के अंदर बंद पड़े दो जर्जर मकानों के भी ढहने की जानकारी मिली है.

 

 

870 साल पुराना है सोनार किला

करीब 870 साल पुराना जैसलमेर का सोनार किला यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल है. लेकिन विगत लंबे समय से इसकी दीवारों की मरम्मत नहीं होने से पुरानी दीवारें दरक रही है. मंगलवार को एक बार फिर टूरिस्ट मॉन्यूमेंट सोनार किले की दीवार गिरने से आसपास के निवासी दहशत में हैं. नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने बताया कि सोनार किले का रख-रखाव पुरातत्व विभाग के हाथों है. हमने उनको सूचित कर दिया है और अब वो उसे अपने हिसाब से दोबारा तैयार करेंगे.

जनहानि टालने के लिए ट्रैफिक को करवाया बंद: ADM

अतिरिक्त जिला कलेक्टर एमआर बगड़िया ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण सोनार किले की दीवार भरभराकर गिर गई. अभी भी लग रहा है कि दीवार गिरने की कगार पर है. नीचे मार्केट को देखते हुए तत्काल सुरक्षा के इंतजाम किए गए. पास में जो मकान है उसे खाली करवाया गया और ट्रैफिक को भी बंद करवा दिया गया. सोनार किले के अंदर जर्जर मकानों की मरम्मत के लिए नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं. हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी प्रकार की जनहानि ना हो, बाकी कुदरत के आगे किसी की नहीं चलती.

पटवों की हवेली को भी पहुंचा नुकसान

जिले में भारी बारिश से विश्व विख्यात पटवों की हवेलियों को भी नुकसान पहुंचा है. उसके कंगूरों के पत्थर नीचे गिर गए हैं. जबरदस्त बारिश से दर्जनों गांव-ढाणियों में जलभराव के हालात बन गए हैं. इसे देखते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित इलाकों में शिफ्ट किया गया है. 

    follow google news