राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: 60-80 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, शेखावाटी में बारिश, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मोहित गुर्जर

• 07:23 PM • 23 Jun 2026

राजस्थान में प्री-मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है. सीकर और शेखावाटी में बारिश के बाद मौसम विभाग ने जयपुर, चूरू समेत कई जिलों में 80 KM की रफ्तार से आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

बिहार के 18 जिलों में मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
राजस्थान के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी.
Google CTA

राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है. प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है और शेखावाटी के कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो चुका है. मौसम विभाग (IMD) ने प्री-मानसून गतिविधियों के तेज होने के चलते अगले 24 से 48 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में भारी आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Read more!

शेखावाटी में झमाझम बारिश से सुहाना हुआ मौसम 

मंगलवार दोपहर को सीकर के फतेहपुर शेखावाटी समेत आसपास के इलाकों में अचानक मौसम बदल गया. पहले तेज धूल भरी आंधी चली और फिर आसमान में घने बादलों ने डेरा जमा लिया, जिसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई. भीषण गर्मी के बीच हुई इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है. 

इन जिलों में रहेगा आंधी-तूफान का कहर (ऑरेंज अलर्ट) 

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राजस्थान के कई हिस्सों में प्री-मानसून एक्टिविटी काफी मजबूत हो गई है. मौसम विभाग ने सीकर, चूरू, झुंझुनू, कोटपुतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर और डीग समेत कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही धूल भरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.

राजधानी जयपुर समेत कई हिस्सों में येलो अलर्ट 

इसके अलावा, राजधानी जयपुर, दौसा, करौली, भरतपुर, धौलपुर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर समेत कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर और सिरोही जैसे जिलों में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है और वहां कोई बड़ा अलर्ट नहीं है.

मौसम विभाग की आम जनता को सलाह 

मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए आम जनता को आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है. इसके अलावा, तेज हवाओं के चलते पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर कच्चे निर्माणों से उचित दूरी बनाए रखने को कहा है. राजस्थान के पूर्वी और शेखावाटी अंचल में अगले एक-दो दिन तक मौसम का यह बदला हुआ रूप जारी रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन सतर्कता बरतनी भी बेहद जरूरी है. 

Rajasthan Weather 23 June: जयपुर-उदयपुर समेत इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कब मिलेगी उमस से राहत!