'ये शेरनी है...', राहुल गांधी ने रितु बराला के बारे में क्यों कहा ऐसा? जानिए पूरा मामला

न्यूज तक डेस्क

• 11:13 AM • 15 Oct 2026

राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला दिल्ली में प्रदर्शन के बाद चर्चा में हैं. बस में एक महिला पुलिसकर्मी से उनकी हाथापाई हुई. रितु ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए. राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्हें 'शेरनी' कहा. कांग्रेस और NSUI ने भी सवाल उठाए.

ritu barala
ritu barala
Google CTA

दिल्ली में एक लड़की की खूब चर्चा हो रही है. नाम है रितु बराला. राजस्थान के झुंझुनूं की रहने वाली रितु NSUI की राष्ट्रीय सचिव हैं. मंगलवार को दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान उनका एक महिला पुलिसकर्मी से झगड़ा हो गया. बात बहस से शुरू हुई और फिर मारपीट तक पहुंच गई. घटना का वीडियो सामने आया तो कांग्रेस और NSUI ने दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए.

Read more!

अगले दिन रितु कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचीं. यहां उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ क्या हुआ. राहुल गांधी ने रितु की तरफ इशारा करते हुए कहा, 'ये शेरनी है.' जब रितु से पूछा गया कि क्या उन्हें डर लगा, तो उन्होंने कहा कि डर नहीं लगा.

लेकिन आखिर रितु बराला हैं कौन? दिल्ली में उनके साथ क्या हुआ? और वह किस प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची थीं? पूरी कहानी सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं.

पहले जानिए, दिल्ली में हुआ क्या था?

मंगलवार को NSUI के कार्यकर्ता दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन वोट चोरी के आरोपों से भी जुड़ा था. इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया. रितु बराला को भी पुलिस बस में बैठाकर ले जाया जा रहा था. इसी बस में उनकी एक महिला पुलिसकर्मी से बहस हो गई. देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई.

सामने आए वीडियो में दोनों एक-दूसरे के बाल खींचती दिखाई देती हैं. एक वीडियो में रितु बस के बोनेट के पास नीचे गिरी हुई दिखाई देती है. हाथापाई के दौरान लात-घूंसे चलने के आरोप भी लगे. बस में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बाद में दोनों को अलग किया.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के एक्शन पर सवाल पूछे जाने लगे हैं. वहीं, रितु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने साथ हुई घटना के बारे में विस्तार से बताया.

रितु बराला ने बताया, उनके साथ क्या हुआ?

राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने बताया कि जब वह बस से निकलने की कोशिश कर रही थीं, तभी महिला पुलिसकर्मी चंचल यादव ने उनका गला जोर से दबाया और उन्हें पीछे धक्का दे दिया. इससे वह गिर गईं. रितु के मुताबिक, महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मारा और नाखूनों से नोचा. इसके बाद उनके बाल पकड़कर बस में आगे-पीछे खींचा गया. उन्होंने गला दबाने और कान को कुचलने का भी आरोप लगाया.

रितु ने दावा किया कि कनॉट प्लेस में बस रोकने के बाद उन्हें और एक दूसरी लड़की को सड़क पर घसीटा गया. उन्होंने निजी अंगों पर मारने और पैरों पर डंडे मारने का भी आरोप लगाया. रितु ने बताया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उनसे राहुल गांधी के बारे में सवाल किया. उनके मुताबिक, उनसे कहा गया, 'बता तेरा नेता राहुल गांधी अब कहां गया.'

रितु ने जवाब में कहा कि अगली बार प्रदर्शन में फिर मुलाकात होगी. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि यह कुरुक्षेत्र का युद्ध है और उन्हें इसे जीतना होगा. ये सभी आरोप रितु बराला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए हैं. घटना पर पुलिस का पक्ष भी मामले को पूरी तरह समझने के लिए जरूरी है.

राहुल गांधी ने रितु को 'शेरनी' क्यों कहा?

बुधवार को राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु ने जब अपने साथ हुई घटना बताई, तो राहुल गांधी ने उनकी तरफ इशारा करते हुए कहा, 'ये शेरनी है.' इसके बाद रितु से पूछा गया कि क्या उन्हें डर लगा था. उनका जवाब था- डर नहीं लगा. रितु ने कहा कि NSUI के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे. उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट हुई.

कांग्रेस और NSUI ने पुलिस पर क्या आरोप लगाए?

रितु बराला से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई. कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर ने वीडियो शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी.' साथ ही उन्होंने रितु के संघर्ष, साहस और हौसले को सलाम किया.

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने भी वीडियो शेयर कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने वाली छात्राओं के साथ मारपीट की गई. उन्होंने सवाल किया कि क्या अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाना अपराध है?

NSUI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी बयान जारी किया. संगठन ने आरोप लगाया कि राजीव चौक पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और महिला कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ. संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ ऐसे व्यवहार को शर्मनाक बताया.

कौन हैं रितु बराला?

रितु बराला मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बारी का बास गांव की रहने वाली हैं. वह एक साधारण किसान परिवार से आती हैं. रितु ने अपनी पहचान की शुरुआत राजस्थान की छात्र राजनीति से की थी. वह जयपुर के प्रतिष्ठित महारानी कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष चुनी गई थीं. इसके अलावा रितु ने राजस्थान यूनिवर्सिटी से अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव लड़ा था. कॉलेज के दिनों से ही अपनी आक्रामक और निडर शैली के कारण उन्होंने छात्र राजनीति में मजबूत पैठ बनाई, जिसके दम पर वह NSUI की राष्ट्रीय सचिव के पद तक पहुंचीं. राजनीति के अलावा रितु बराला का बैकग्राउंड खेलों से भी जुड़ा रहा है. वह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी रह चुकी हैं और NCC कैडेट भी रही हैं.