हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध अटल टनल के पास बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. टनल के बाहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी बेकाबू होकर सीधे पिलर से जा टकराई. इस भीषण दुर्घटना में राजस्थान के रहने वाले एक पर्यटक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायल युवकों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ADVERTISEMENT
बैरिकेड्स तोड़ते हुए पिलर से टकराई गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे हुआ. पर्यटकों की स्कॉर्पियो गाड़ी मनाली की तरफ से घूमकर लाहौल की ओर जा रही थी. जैसे ही गाड़ी अटल टनल से बाहर निकली, उसकी रफ्तार काफी तेज थी. अत्यधिक गति होने के कारण ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए सीधे वहां बन रहे एक ढांचे के कंक्रीट पिलर से जा भिड़ी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिलर से बाहर निकले लोहे के नुकीले सरिये गाड़ी की बॉडी को चीरते हुए अंदर तक घुस गए. हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
कटर की मदद से निकाला गया बाहर
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. गाड़ी पिलर और लोहे के सरियों के बीच इस कदर फंस चुकी थी कि घायलों को निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था. दमकल कर्मियों और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को काटकर घायलों को बाहर निकाला. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी काल
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि हादसे की मुख्य वजह गाड़ी की ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) है. टनल से निकलते ही गाड़ी की स्पीड ज्यादा होने से यह हादसा हुआ. हालांकि, पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी और अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है. हादसे के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जो इसकी भयावहता को बयां कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT

