राजस्थान के भरतपुर में बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत और उनके पति ऋति बंसल का पुलिस प्रशासन के साथ नोंक-झोंक का वीडियो वायरल हो रहा है. नोंक-झोंक होते-होते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई. विधायक की जिस अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की हुई, वह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक थे. जिसके बाद विधायक के समर्थकों ने नारेबाजी भी शुरू कर दी. जिसके बाद जैसे-तैसे मामला शांत हुआ. यह पूरा मामला पानी को लेकर विवाद से जुड़ा है. दरअसल, भरतपुर में करौली के पांचना बांध से आ रहा पानी विवाद का विषय बन चुका है.
ADVERTISEMENT
जहां प्रशासन ने पांचना बांध से आने वाले पानी को रूपवास की तरफ जाने से रोक दिया था. जिसके बाद नाराज विधायक और उनके पति सेवला हेड पर पहुंच गए. विधायक व उनके समर्थक सेवला हेड से रूपवास की तरफ पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस के अधिकारियों ने ऐसा करने से मना कर दिया. बस इसी के बाद विवाद शुरू हो गया.
देखते ही देखते विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच तेज नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई. इस बीच विधायक के समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया. इसके बाद अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा और विधायक के बीच मामला गरमा गया. इस पूरे मामले के बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर सेवला हेड से दो गेट खोलकर पांचना बांध की तरफ से आने वाला पानी रूपवास की तरफ छोड़ा. उनका कहना था कि रूप वर्ष के लोगों को भी पानी चाहिए इसलिए उनके क्षेत्र की तरफ पानी छोड़ा जाना चाहिए.
ADVERTISEMENT

