ADVERTISEMENT
जयपुर हेरिटेज की मेयर मुनेश गुर्जर को राजस्थान सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में एक बार फिर सस्पेंड कर दिया है. इससे पहले मेयर के पति को ACB ने रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद मेयर को सस्पेंड किया गया था, लेकिन तब कोर्ट से बहाल हो गईं थीं. दरअसल, एसीबी ने जयपुर नगर निगम हेरिटेज की मेयर मुनेश गुर्जर के घर छापा मारा था. इस दौरान एसीबी ने मेयर के पति सुशील गुर्जर को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया था. इसी के साथ दो दलालों को भी गिरफ्तार किया गया था. छापेमारी के दौरान टीम को मेयर के घर से तलाशी में 40 लाख रुपये मिले थे, वहीं दलालों के ठिकाने से 8 लाख रुपये कैश मिला था.इस कार्रवाई को लेकर एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने कहा था कि एसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन विंग से शिकायत की गई थी कि जमीन का पट्टा जारी करने के लिए दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे के जरिए सुशील गुर्जर 2 लाख रुपये की रिश्वत ले रहा है. इसके बाद एसीबी जयपुर के उप महानिरीक्षक रणवीर सिंह के सुपरवीजन में शिकायत की पुष्टि की गई. पुष्टि होने के बाद अतिरिक्त अधीक्षक ललित शर्मा की टीम ने कार्रवाई करते हुए दलाल नारायण सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. वहीं मामले में संलिप्तता के आधार पर आरोपी सुशील गुर्जर और अनिल दुबे को भी एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया था. इसी मामले से जुड़े बीते दिनों दो ऑडियो टेप भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इसमें पट्टा जारी करने के ऐवज में लेनदेन का जिक्र था, हालांकि इस वायरल ऑडियो टेप की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन नगर निगम हेरिटेज में इस ऑडियो टेप की गूंज जरूर सुनाई देने लगी थी.
Jaipur Heritage Mayor Munesh Gurjar suspended again after reinstatement, ghost of corruption haunting him
ADVERTISEMENT

