राजस्थान के झालावाड़ जिले में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. सबसे गंभीर स्थिति रायपुर तहसील के कचराखेड़ी गांव में देखने को मिली, जहां स्थित राजकीय विद्यालय चारों तरफ से पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया.
ADVERTISEMENT
स्कूल में फंसे 40 बच्चे और शिक्षक
झालावाड़ और पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश की वजह से कचराखेड़ी गांव के इस स्कूल में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया. देखते ही देखते स्कूल परिसर में भारी जलभराव हो गया, जिससे वहां पढ़ाई कर रहे करीब 40 छात्र और शिक्षक अंदर ही फंस गए. पानी का स्तर बढ़ता देख स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
SDRF और NDRF का सफल रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर SDRF और NDRF की टीमों को तुरंत रवाना किया गया. राहत टीमों ने भारी पानी के बीच बहादुरी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और स्कूल में फंसे सभी 40 बच्चों और शिक्षकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
कलेक्टर और एसपी खुद पहुंचे धरातल पर
बचाव कार्य का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी करने के लिए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार खुद मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके पर रहकर पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली और यह सुनिश्चित किया कि सभी बच्चों और शिक्षकों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया जाए.
ADVERTISEMENT

