Lok Sabha Election: चुनावों में जीत हो ना हो नेताओं का कॉन्फिडेंस बड़ा मायने रखता है. ये आत्मविश्वास ही है जो बयान की शक्ल में जनता के दिलो-दिमाग पर बड़ी छाप छोड़ जाता है. हमारा इशारा है राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत की ओर, जो चुनाव परिणाम आने से पहले दावे के साथ कह रहे हैं कि इस बार लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस बेहतरीन प्रदर्शन करेगी और दोहरे अंक यानि दस या उससे भी ज्यादा सीटें राजस्थान में जीतेगी. अशोक गहलोत ने ये बात ‘पीटीआई-भाषा' को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कही थी. गहलोत ने कहा कि ‘बदलाव की बयार' बह रही है और केंद्र में भी इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी. गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस टिप्पणी के लिए भी उन पर पलटवार भी किया जिसमें उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को ‘शहजादे की उम्र' से कम सीटें मिलेंगी.
ADVERTISEMENT
अशोक गहलोत पहले भी कई बार ये दावा कर चुके हैं कि इस लोकसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले आएंगे. उनका दावा है कि कांग्रेस राजस्थान में अच्छा प्रदर्शन करने वाली है. अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार सिर्फ 'जुमलेबाजी' करती है, और जुमलेबाज़ी से किसी का भला नहीं होता. कुछ वक्त पहले अशोक गहलोत ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा था कि बीजेपी ने मोदी की गारंटी पर ही सारा फोकस रखा है जो कि उन्हें भारी पड़ने वाली है.
अशोक गहलोत ने पूरे भरोसे के साथ कहा है कि राजस्थान में कांग्रेस को जनता अब वापस लाना चाहती है. गहलोत ने कहा कि जब से चुनाव शुरू हुए हैं हर ओर राजस्थान इसी वजह से सुर्खियों में है कि यहां की जनता कांग्रेस को ही ज्यादा पसंद कर रही है. कांग्रेस नेता ने कहा कि अब राज्य की जनता कांग्रेस की योजनाओं को याद कर रही है और उनकी सरकार में लागू की गई स्कीम को वापस चाहती है, क्योंकि बीजेपी की भजनलाल सरकार में कांग्रेस की कई योजनाओं को बंद कर दिया गया, जो जनता के कल्याण के लिए चल रही थीं. ऐसे में लोग बीजेपी की सरकार से नाराज हैं.
ADVERTISEMENT

