राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई. यहां उपखंड स्तरीय सरकारी कार्यक्रम में तिरंगा उल्टा फहरा दिया गया. घटना सामने आने के बाद समारोह में मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
नवलगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित उपखंड स्तरीय कार्यक्रम में नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान विधायक और अधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया. हालांकि, ध्वजारोहण के बाद तिरंगा उल्टा लहराता नजर आया.
आनन-फानन में ठीक किया गया तिरंगा
कार्यक्रम में मौजूद लोगों की नजर जब उल्टे तिरंगे पर पड़ी तो मामला चर्चा में आ गया. इसके बाद आनन-फानन में तिरंगे को नीचे उतारकर सही तरीके से लगाया गया. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद जिम्मेदार लोगों की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हुए.
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगे के सम्मान को लेकर विशेष सावधानी बरती जाती है. ऐसे में सरकारी कार्यक्रम के दौरान ही राष्ट्रीय ध्वज के उल्टा फहराए जाने की घटना ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कार्यक्रम में विधायक विक्रम सिंह जाखल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे. अब सवाल उठ रहा है कि ध्वजारोहण से पहले तिरंगे की स्थिति की जांच क्यों नहीं की गई. मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर भी चर्चा शुरू हो गई है.
ADVERTISEMENT

