पाली में खौफनाक मंजर! ढाबे में अचानक घुसा बेकाबू टैंकर, सामने आया CCTV फुटेज

भारत भूषण जोशी

• 04:27 PM • 17 Jul 2026

पाली जिले के रामसिया के पास हाईवे किनारे एक ढाबे पर रात में खाना खा रहे लोगों पर एक बेकाबू टैंकर कहर बनकर टूट पड़ा. अचानक अनियंत्रित होकर ढाबे में घुसे इस टैंकर की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

Google CTA

राजस्थान के पाली जिले से एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहाँ रामसिया के पास हाईवे किनारे बने एक ढाबे पर रात के समय उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार बेकाबू टैंकर अचानक होटल के अंदर घुस गया. इस भीषण हादसे में ढाबे पर काम करने वाले एक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है.

Read more!

चारपाई पर बैठकर खाना खा रहे थे लोग

मिली जानकारी के मुताबिक, रात के समय रामसिया हाईवे पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही चल रही थी. ढाबे पर कुछ ट्रक ड्राइवर और स्थानीय लोग बाहर बिछी चारपाइयों पर बैठकर शांति से भोजन कर रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक चालक अपने स्टाफ को लेने के लिए गाड़ी को ढाबे के पास रोक ही रहा था कि अचानक पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार टैंकर पूरी तरह अनियंत्रित हो गया.

मची अफरा-तफरी, कई वाहन हुए क्षतिग्रस्त

टैंकर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे ढाबे की चारपाइयों को रौंदते हुए अंदर जा घुसा. गाड़ी को अपनी तरफ आता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपना खाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे. लेकिन, ढाबे का एक कर्मचारी इसकी चपेट में आ गया, जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

इस टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टैंकर ने वहां खड़ी एक कार को पूरी तरह पलट दिया. इसके साथ ही ढाबे के बाहर खड़े कई अन्य वाहन भी इस भारी वाहन के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है.