राजस्थान के पाली जिले में लगातार हुई तेज बारिश के बाद हालात बिगड़ गए. रायपुर क्षेत्र में अधिक वर्षा होने से एक नदी का पुल बीच से बह गया. कई जगह सड़कें टूट गईं और धंस गईं. वहीं कुछ स्थानों पर बिजली के तार भी नीचे लटकते नजर आए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई.
ADVERTISEMENT
इसी बीच शुक्रवार सुबह मेगदड़ा गांव के पास एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. सड़क पर बारिश का पानी भरा हुआ था. ऊपर से देखने पर सड़क सामान्य दिखाई दे रही थी, लेकिन बीच का हिस्सा पानी में दब चुका था. बस चालक को पानी की गहराई और सड़क के धंसने का अंदाजा नहीं लग पाया.
जैसे ही बस पानी से भरे हिस्से में पहुंची, वह बीच रास्ते में फंस गई और कुछ ही देर में इंजन बंद हो गया. पानी बस के अंदर तक घुसने लगा. बस में बैठे बच्चों में घबराहट फैल गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सबसे पहले सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद ट्रैक्टर की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कूल बस को पानी से बाहर निकाला गया. राहत की बात रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और कई स्थानों पर पानी का बहाव तेज है. ऐसे में बिना स्थिति का आकलन किए वाहनों को पानी से भरे रास्तों में नहीं उतारना चाहिए.
यह घटना एक बार फिर बताती है कि मानसून के दौरान विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. खासकर स्कूल बसों और अन्य बड़े वाहनों के चालकों को जलभराव वाले मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता रखनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT

