Rajasthan Politics: किरोड़ीलाल के इस्तीफे के बाद BJP में हलचल तेज, बड़े बदलाव की तैयारी, बनेगी नई रणनीति

राजस्थान तक

08 Jul 2024 (अपडेटेड: Jul 8 2024 3:48 PM)

 Rajasthan Politics: राजस्थान में बीजेपी पार्टी के भीतर क्या चल रहा है, इसकी चर्चाएं सियासी गलियारों में हो रही है. किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफे के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है.

Google CTA

 Rajasthan Politics: राजस्थान में बीजेपी पार्टी के भीतर क्या चल रहा है, इसकी चर्चाएं सियासी गलियारों में हो रही है. किरोड़ी लाल मीणा के इस्तीफे के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है. बीजेपी में अब संगठनात्मक बदलाव की भी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, अभी 10 जुलाई को बजट और 13 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद बड़े निर्णय देखने को मिलेंगे. इसके लिए विधिवत संगठन में तैयारी चल रही है. 13 जुलाई को प्रदेश बीजेपी कार्यसमिति की बैठक होने वाली है. जिसके लिए प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने प्रदेश कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है.

Read more!

बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सीतापुरा के जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में होगी. इस बैठक में मिले फीडबैक से ही आगे की रणनीति तैयार होगी. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बैठक में शामिल हो सकते हैं. बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती है कि इसके बाद उपचुनाव में पार्टी को जाना है. सूत्रों का कहना है कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को भी बदला जाएगा. हालांकि, अभी अगस्त के पहले सप्ताह तक इस पर कुछ अपडेट आएगी.

कार्यसमिति की बैठक में विशेष आमंत्रित सदस्य, प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, प्रदेश स्तरीय नेता, बीजेपी विधायक, मंत्रियों के साथ जिला स्तर के पदाधिकारी और मंडल स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होंगे. प्रदेश कार्य समिति की व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं. उन सभी समितियों के कामों का बंटवारा भी किया जा चुका है. प्रदेश कार्य समिति की बैठक में आगंतुकों के प्रोटोकॉल, पंजीकरण से लेकर हर व्यवस्था ठीक तरीके से हो, इसके लिए सभी की अलग-अलग जिम्मेदारी तय की गई है. 

इससे पहले डिप्टी सीएम दिया कुमारी 10 जुलाई को बजट पेश करेगीं जिसमें महिला, युवा और वरिष्ठ नागरिकों पर पूरा फोकस रहेगा. वहीं, बजट के बाद यह बैठक होने जा रही है. जिसके बाद उपचुनाव होने हैं. बजट की बेहतर बातें सभी तक पहुंचाने की तैयारी है. जिसे लेकर सभी प्रदेश के कार्यकर्ता और नेताओं को तैयार किया जाएगा. अब किरोड़ी लाल मीणा पर क्या फैसला होगा, इसके साथ ही अगर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष को बदला जाएगा तो नया प्रदेशाध्यक्ष कौन होगा, ये सब काफी दिलचस्प होगा. आपका इसे लेकर क्या कुछ कहना है, कॉमेंट बॉक्स में हमें लिखकर बता सकते हैं.