टोंक में सड़क पर पानी के नीचे दौड़ रहा था करंट, 3 सेकेंड में चली गई युवक की जान

न्यूज तक डेस्क

30 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 30 2026 12:41 PM)

राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा में बारिश के बाद सड़क पर भरे पानी में करंट फैलने से राहुल वर्मा नाम के युवक की मौत हो गई. युवक बिजली के पोल के पास पहुंचते ही करंट की चपेट में आया और पानी में गिर गया। घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है.

Google CTA

राजस्थान के टोंक जिले में भारी बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हुआ है. मालपुरा कस्बे में सड़क पर भरे बारिश के पानी में करंट फैलने से एक युवक की जान चली गई. युवक जैसे ही सड़क किनारे लगे बिजली के पोल के पास पहुंचा, वह करंट की चपेट में आ गया. कुछ ही सेकेंड में वह पानी में गिर पड़ा. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

Read more!

मालपुरा बस स्टैंड के सामने हुआ हादसा

घटना मालपुरा कस्बे की है. सोमवार शाम यहां तेज बारिश हुई थी. इसके बाद कई जगह पानी भर गया. मालपुरा बस स्टैंड के सामने भी सड़क पर जलभराव था. लोग इसी पानी से होकर आवाजाही कर रहे थे.

इसी दौरान मालपुरा निवासी राहुल वर्मा भी वहां से गुजर रहा था. सड़क किनारे बिजली का पोल लगा था. बताया जा रहा है कि पोल में करंट उतरने के बाद उसका असर आसपास भरे पानी तक पहुंच गया था.

पोल के पास पहुंचते ही गिर पड़ा राहुल

राहुल जैसे ही बिजली के पोल के पास पहुंचा, वह करंट की चपेट में आ गया. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक कुछ ही सेकेंड में पानी में गिरता दिखाई देता है. घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को भी शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया.

युवक के पानी में गिरने के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी. सुरक्षा को देखते हुए पहले बिजली सप्लाई बंद कराई गई. इसके बाद लोग राहुल के पास पहुंचे.

CPR देकर बचाने की हुई कोशिश

घटना की सूचना मिलने पर मालपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. राहुल को पानी से बाहर निकाला गया और उसे CPR देकर बचाने की कोशिश की गई. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शव को मालपुरा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें युवक पानी से भरी सड़क से गुजरता नजर आता है और पोल के पास पहुंचते ही अचानक गिर जाता है.

यह घटना बारिश के दौरान जलभराव और बिजली से जुड़े खतरों को एक बार फिर सामने लाती है. बरसात में बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर या टूटे तार के आसपास पानी जमा होने पर वहां से गुजरना खतरनाक हो सकता है. ऐसी स्थिति दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाकर बिजली विभाग को सूचना देना जरूरी है.