India vs New Zealand T20 World Cup Final: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. भारत की T20 वर्ड कप में तीसरी और लगातार दूसरी जीत है. इसी मैदान पर तीन साल पहले वनडे वर्ड कप में हार का जो जख्म मिला था टीम इंडिया ने उसी मैदान पर विश्व विजेता बनकर करोड़ों भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.
ADVERTISEMENT
अहमदाबाद में टूटा हार का सिलसिला
आपको बता दें कि अहमदाबाद का वही स्टेडियम है जहां 2023 में टीम इंडिया का वर्ड जितने का सपना टूटा था, लेकिन आज उसी पिच पर भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कर लिया है. उस समय रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को पिछले वनडे वर्ड कप में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी, लेकिन अब सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया ने उस कसर को पूरा कर दिया है.
भारत ने 255 रन का दिया था टारगेट
मैच के दौरान एक लाख दर्शकों की क्षमता वाले खचाखच भरे स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह टी20 विश्व कप के फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है. लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. भारतीय गेंदबाजों ने कीवी टीम को 19 ओवरों में महज 159 रनों पर समेट दिया. भारत ने यह मुकाबला 96 रनों के बड़े अंतर से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया.
बुमराह और अक्षर की घातक गेंदबाजी
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में गेंदबाजों की भूमिका सबसे अहम रही. स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपने 4 ओवर के स्पैल में केवल 14 रन दिए और न्यूजीलैंड के 4 विकेट चटकाए. वहीं स्पिनर अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए.
भारत ने कब कब जीता मैच
भारतीय टीम ने अब तक कुल तीन बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीती है. सबसे पहले 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में भारत चैंपियन बना था. इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा ने टीम को विश्व विजेता बनाया और अब 2026 में सूर्यकुमार यादव ने इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत को तीसरी बार विश्व चैंपियन बनाया है. भारत ने अब तक 2007, 2024 और 2026 में यह खिताब जीता है.
ADVERTISEMENT

