Indian Railways: रेलवे ने 2,200 से ज्यादा ट्रेनों को नए रिजर्वेशन सिस्टम में किया शिफ्ट, यात्रियों को क्या होगा फायदा?

• 02:02 PM • 17 Nov 2026

Indian Railways News: भारतीय रेल ने 2,200 से ज्यादा ट्रेनों को अपग्रेडेड पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) में शिफ्ट कर दिया है. करीब 40 साल पुराने आरक्षण सिस्टम को आधुनिक बनाने की इस पहल से टिकट बुकिंग, कैंसिलेशन, सीटों की उपलब्धता और रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया बेहतर हो सकती है. जानिए नए सिस्टम से यात्रियों को क्या फायदा होगा.

Indian Railways New Reservation System
Indian Railways New Reservation System
Google CTA

भारतीय रेलवे ने अपने यात्री आरक्षण सिस्टम को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. रेलवे ने 2,200 से ज्यादा ट्रेनों को अपग्रेडेड पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) में शिफ्ट कर दिया है. करीब 40 साल पुराने रिजर्वेशन सिस्टम को बदलने की प्रक्रिया के तहत रेलवे ने अगस्त 2026 में ट्रेनों को नए सिस्टम पर माइग्रेट करना शुरू किया था. इसके बाद अभी तक 2,200 से अधिक ट्रेनें इस नई व्यवस्था से जुड़ चुकी हैं. इससे रेलवे की टिकट बुकिंग और आरक्षण व्यवस्था को पहले से अधिक आधुनिक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.

Read more!

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें बताया कि 30 अक्टूबर 2026 तक 2,200 से ज्यादा ट्रेनों को नए PRS में माइग्रेट किया जा चुका है. इस अपग्रेडेड सिस्टम को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) विकसित कर रहा है. रेलवे का यह कदम पुराने आरक्षण सिस्टम को आधुनिक तकनीक से बदलने की दिशा में अहम माना जा रहा है. ऐसे में अब यह जानना जरूरी है कि आखिर क्या है इस सिस्टम और इससे यात्रियों को क्या फायदा होगा.

क्या है भारतीय रेलवे का पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम?

पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम यानी PRS भारतीय रेलवे का कंप्यूटर आधारित आरक्षण सिस्टम है. इसका इस्तेमाल ट्रेनों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग और उनसे जुड़ी दूसरी प्रक्रियाओं को मैनेज करने के लिए किया जाता है. इसके जरिए ही यात्री टिकट बुक करने, उसमें बदलाव कराने और टिकट कैंसिल करने जैसी सुविधाओं का लाभ लेते हैं. इसके अलावा सीटों का अलॉटमेंट, वेटिंग लिस्ट, RAC स्टेटस, रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने और यात्रियों की पूछताछ से जुड़ी सर्विस भी इसी सिस्टम के तहत संचालित होती हैं.

नए रिजर्वेशन सिस्टम से यात्रियों को क्या होगा फायदा?

2,200 से ज्यादा ट्रेनों को अपग्रेडेड PRS में शिफ्ट किए जाने से रेलवे की आरक्षण व्यवस्था को एकीकृत और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. अब ज्यादा ट्रेनों का रिजर्वेशन एक ही व्यवस्था के जरिए संचालित हो सकेगा, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया आसान हो सकती है. यात्रियों को अलग-अलग ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी. इसके साथ ही पुराने सिस्टम की जगह आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होने से टिकट बुकिंग, कैंसिलेशन और रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.

क्या नए सिस्टम से कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी?

रेलवे के नए रिजर्वेशन सिस्टम में ट्रेनों को शिफ्ट किए जाने का मतलब यह नहीं है कि यात्रियों को अब आसानी से कंफर्म टिकट मिलने लगेगी. PRS को अपग्रेड करने से ट्रेनों में सीटों या बर्थ की संख्या नहीं बढ़ती है. किसी यात्री को कंफर्म टिकट मिलेगी या नहीं, यह ट्रेन की कुल क्षमता, टिकटों की मांग, अलग-अलग कोटे और उपलब्ध बर्थ पर निर्भर करेगा. यानी नए सिस्टम से यात्रियों को बुकिंग प्रोसेस में फायदा मिल सकता है, लेकिन कंफर्म टिकट की गारंटी नहीं मिलेगी.

1986 में शुरू हुआ था रेलवे का यात्री आरक्षण सिस्टम

भारतीय रेलवे का पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम साल 1986 में शुरू हुआ था. पिछले करीब चार दशकों में इसमें कई बार तकनीकी बदलाव और अपग्रेड किए गए हैं. रेलवे ने अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल करके इस सिस्टम की क्षमता बढ़ाई है. वहीं, इंटरनेट के जरिए टिकट बुकिंग की सुविधा साल 2002 में शुरू की गई थी. मौजूदा समय में देश में कुल ट्रेन टिकटों की मांग का लगभग 89 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पूरा हो रहा है.

इस बीच, IRCTC यानी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने भी अपने टिकट बुकिंग सिस्टम को अपग्रेड करने की घोषणा की है. इसका उद्देश्य पीक आवर्स के दौरान वेबसाइट पर आने वाली तकनीकी दिक्कतों को कम करना और यात्रियों के ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाना है.

Train में AC नहीं चल रहा या गंदा है Coach? मोबाइल से ऐसे करें शिकायत, Rail Madad पर तुरंत दर्ज होगी Complaint