NHAI का बड़ा ऐलान! 350 रुपये का पास बनवाइए, बार-बार टोल देने की झंझट खत्म; जानें कौन ले सकता है फायदा

न्यूज तक डेस्क

• 02:07 PM • 22 Aug 2026

NHAI ने डिजिटल लोकल पास की सुविधा बढ़ा दी है. टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले नॉन-कमर्शियल वाहन मालिक 350 रुपये में एक महीने का पास बनवा सकते हैं. आवेदन राजमार्ग यात्रा ऐप से होगा. DigiLocker, वाहन डेटाबेस और FASTag से ऑनलाइन वेरिफिकेशन किया जाएगा.

NHAI toll Pass
NHAI toll Pass
Google CTA

अगर आप किसी टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं और रोज वहां से आना-जाना होता है, तो आपके लिए काम की खबर है. NHAI ने डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू की है. इसकी मदद से लोकल लोगों को हर बार टोल देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Read more!

यह पास एक महीने के लिए बनेगा और इसकी फीस 350 रुपये है. खास बात यह है कि इसके लिए टोल प्लाजा के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. घर बैठे राजमार्ग यात्रा ऐप से पास के लिए अप्लाई किया जा सकेगा.

20 किलोमीटर के अंदर रहने वालों को फायदा

यह पास उन्हीं लोगों के लिए है, जिनका घर टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है. हालांकि, यह सुविधा सिर्फ नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए होगी.

पास बनवाते समय आपके पते की जांच DigiLocker से होगी. वाहन की जानकारी वाहन डेटाबेस से चेक की जाएगी. साथ ही आपके FASTag की जानकारी भी देखी जाएगी.

यानी आगे से कागज लेकर टोल प्लाजा जाने और वहां डॉक्यूमेंट जमा करने की जरूरत नहीं होगी. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी.

इन 6 जगहों पर शुरू हुई सुविधा

फिलहाल डिजिटल लोकल पास की सुविधा चोर्यासी, मुंडका, दौलतपुरा, घरौंदा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर में उपलब्ध है.

इन टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले कई स्थानीय लोगों को पहले टोल भुगतान नहीं करने पर ई-नोटिस मिल रहे थे. इन टोल प्लाजा पर कर्मचारी मौजूद नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों के लिए समस्या बढ़ रही थी.

ई-नोटिस की परेशानी का निकाला समाधान

स्थानीय लोगों को मिल रहे ई-नोटिस की समस्या को देखते हुए डिजिटल लोकल पास की व्यवस्था शुरू की गई है. इससे पात्र लोग अपनी स्थानीय पहचान और वाहन की जानकारी ऑनलाइन वेरिफाई कराकर पास ले सकेंगे. इस पास की मदद से स्थानीय लोगों के लिए टोल प्लाजा से बार-बार गुजरना आसान होगा.